
प्रदर्शन कर रहे ड्राइवरों ने कहा कि वे दिन-रात सड़कों पर रहकर देश की अर्थव्यवस्था और परिवहन व्यवस्था को आगे बढ़ाते हैं। इसके बावजूद उन्हें सुरक्षा, सम्मान और जरूरी सुविधाएं नहीं मिलतीं। प्रदर्शन के दौरान उन्होंने ‘मानवता ही सबसे बड़ा धर्म’ और ‘ड्राइवर एकता जिंदाबाद’ के नारे लगाए।
सुरक्षा के लिए कानून बनाने और मारपीट की जांच की मांग
एसोसिएशन ने ड्राइवरों की सुरक्षा के लिए अलग कानून बनाने की मांग की। साथ ही मारपीट, धमकी, वाहनों में तोड़फोड़ और अवैध वसूली की घटनाओं की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई करने की मांग रखी।
स्थानीय ड्राइवरों को रोजगार और सड़क पर सुविधाएं देने की मांग
ड्राइवरों ने छत्तीसगढ़ के योग्य स्थानीय ड्राइवरों को कंपनियों, फैक्ट्रियों, खदानों और परिवहन से जुड़े संस्थानों में रोजगार देने की मांग की। इसके अलावा राष्ट्रीय और राज्य राजमार्गों पर सुरक्षित पार्किंग, शौचालय, साफ पानी और आराम करने के लिए जगह बनाने की बात कही।
बीमा, उचित वेतन और काम के घंटे तय करने की मांग
एसोसिएशन ने ड्राइवरों और उनके परिवारों के लिए बीमा और दुर्घटना सहायता देने की मांग की। साथ ही उचित वेतन, काम के घंटे तय करने, पर्याप्त आराम देने और ओवरटाइम का पैसा देने की मांग भी रखी।
कल्याण बोर्ड बनाने और कानूनी मदद देने की मांग
ड्राइवरों ने कल्याण बोर्ड बनाने, सड़क हादसों की निष्पक्ष जांच कराने और जरूरतमंद ड्राइवरों को कानूनी मदद देने की मांग की। ड्यूटी के दौरान दुर्व्यवहार की शिकायतों पर जल्द कार्रवाई करने की बात भी कही।
शांतिपूर्ण आंदोलन कर सरकार से बैठक की मांग
एसोसिएशन ने कहा कि आंदोलन का मकसद ड्राइवरों की समस्याएं शांतिपूर्ण और संवैधानिक तरीके से सरकार तक पहुंचाना है। आंदोलन के दौरान एंबुलेंस, अग्निशमन, पुलिस और दूसरी आपातकालीन सेवाओं का रास्ता नहीं रोकने की बात कही गई। ड्राइवरों ने हिंसा और तोड़फोड़ से दूर रहने की अपील भी की।
एसोसिएशन ने सरकार से प्रतिनिधिमंडल के साथ बैठक करने और मांगों के समाधान के लिए कार्ययोजना बनाने की मांग की।