
वहीं, इस प्रकरण में कई अन्य आरोपियों के भी फरार होने की जानकारी सामने आ रही है। फिलहाल वन विभाग की ओर से मामले में आधिकारिक प्रेस विज्ञप्ति जारी नहीं की गई है।
जानकारी के अनुसार, सरेंडर करने वाले पांचों आरोपी ग्राम गोंदली के निवासी बताए जा रहे हैं। इनमें सोनाराम सिदार पिता सनत राम (25), राधेलाल यादव पिता फिरत यादव (40), महेंद्र प्रताप चौहान पिता देवलाल (25), अमर सिंह गोड पिता जेठूराम (24) और साहेब लाल डड़सेना पिता श्यामलाल डड़सेना (54) शामिल हैं।
बताया जा रहा है कि तेंदुए की मौत करंट लगने से हुई थी। मामले में कुछ अन्य लोगों की भूमिका भी सामने आने की जानकारी है, जिनकी तलाश की जा रही है।
करंट से वन्यजीवों के शिकार पर सवाल
क्षेत्र में करंट लगाकर वन्यजीवों का शिकार करने की घटनाएं सामने आने की बात कही जा रही है। ऐसे में 12 वर्षीय नर तेंदुए की करंट से मौत ने वन्यजीवों की सुरक्षा और शिकार रोकने के इंतजामों पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
फिलहाल पांच आरोपियों के सरेंडर के बाद मामले में वन विभाग की आगे की कार्रवाई पर नजर है। फरार बताए जा रहे अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। वन विभाग की आधिकारिक जानकारी और प्रेस विज्ञप्ति जारी होने के बाद मामले के अन्य पहलुओं का खुलासा हो सकेगा।