
वहीं मृतक के परिजनों ने हत्या में केवल नाबालिगों की भूमिका होने पर संदेह जताया है। उनका आरोप है कि इतनी बेरहमी से हत्या को अंजाम देने के पीछे किसी वयस्क व्यक्ति का हाथ हो सकता है। परिजनों ने पुलिस से मामले की गंभीरता से जांच करने की मांग की है।
मृतक की पत्नी पद्मा निर्मलकर ने बताया कि अविनाश सुबह करीब 10 बजे घर पर नाश्ता करने आए थे। इसके बाद वे ड्यूटी पर चले गए। नगर निगम में सफाईकर्मी के रूप में काम करने वाले अविनाश के घर लौटने में देर हुई तो उन्होंने एक परिचित व्यक्ति से उनके बारे में पूछा। उस व्यक्ति ने बताया कि अविनाश कुछ लड़कों के साथ बैठे हुए हैं।
इसके बाद परिवार के लोगों ने उनकी तलाश शुरू की। इसी दौरान घटना की जानकारी मिली। परिजनों के मुताबिक, अविनाश को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
भांजे ने कहा- दो युवकों को चाकू मारते देखा
मृतक के भांजे अरमान भारद्वाज ने बताया कि वह दोपहर करीब 2 बजे मामा के घर पहुंचा था। उसने मामी से पूछा कि मामा कहां हैं। इस पर उन्होंने बताया कि वे हाजिरी दिलाने गए हैं। इसी दौरान एक व्यक्ति वहां आया। उससे पूछने पर उसने बताया कि मैदान के पास स्थित एक ऑफिस में अविनाश हैं, जहां कई लड़के बैठे रहते हैं।
अरमान के मुताबिक, वह बताए गए स्थान पर पहुंचा तो मामा की आवाज सुनाई दी। वे किसी से कह रहे थे कि कितना बड़ा गुंडा है तू, मार चाकू मार। जब वह दौड़कर मौके पर पहुंचा तो अविनाश जमीन पर पड़े थे और दो नाबालिग उनके गले पर चाकू से वार कर रहे थे।
अरमान का कहना है कि उसे देखकर दोनों वहां से भाग गए। उसने पुलिस को बताया कि मौके पर उसने दो ही लोगों को चाकू मारते देखा था। उसके अनुसार, पुलिस हिरासत में मौजूद दोनों युवक वही हैं, जिन्हें उसने घटनास्थल पर देखा था।