छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर में नाबालिगों ने कुत्ते के 6 बच्चों (पिल्लों) को पहले बेरहमी से पीटा, फिर पेट्रोल डालकर आग लगा दी

Chhattisgarh Crimesछत्तीसगढ़ के अंबिकापुर में नाबालिगों ने कुत्ते के 6 बच्चों (पिल्लों) को पहले बेरहमी से पीटा, फिर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। सभी पिल्लों की मौत हो गई। उनके अधजले शव घंटों तक पड़े रहे, जिन्हें बाद में आवारा कुत्ते नोंचते रहे।

घटना 13 नवंबर की शाम करीब 4:30 बजे पंजाब गार्डन के पीछे हुई। शनिवार को आसपास लगे CCTV कैमरों की जांच में नाबालिगों की क्रूरता सामने आई। पुलिस ने सभी की पहचान कर उनके पेरेंट्स को थाने बुलाया। घटना गांधीनगर थाना क्षेत्र की है।

पंजाब गार्डन के पीछे मिले अधजले शव

जानकारी के मुताबिक, घटना की जानकारी शुक्रवार को सामने आई। पंजाब गार्डन के पीछे 6 पिल्लों के अधजले शव पड़े मिले। वहां घूम रहे आवारा कुत्ते शवों को नोंच रहे थे। राहगीरों ने पिल्लों के शवों की हालत देखकर पशु प्रेमियों को सूचना दी।

सूचना मिलने पर बेजुबान डॉग शेल्टर के संस्थापक सुधांशु शर्मा मौके पर पहुंचे। उन्होंने सभी 6 पिल्लों के अधजले शवों को बोरी में रखकर सुरक्षित रखवाया। इसके बाद गांधीनगर थाने में लिखित शिकायत देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

शनिवार को पुलिस टीम और बेजुबान डॉग शेल्टर के सदस्य दोबारा मौके पर पहुंचे। आसपास लगे CCTV कैमरों की जांच की गई। फुटेज में नाबालिग पिल्लों को मारते और उनके शवों को एक जगह रखकर ज्वलनशील पदार्थ डालकर जलाते दिखाई दिए।

2 स्ट्रीट डॉग ने दिया था बच्चों को जन्म

पुलिस और पशु प्रेमियों की पूछताछ में पता चला कि घटनास्थल के पास ही 2 स्ट्रीट डॉग ने बच्चों को जन्म दिया था। इनमें से तीन पिल्लों की देखभाल आसपास के लोग कर रहे थे। बाकी पिल्ले अपनी मां के पीछे-पीछे घूमते थे। आरोप है कि इन्हीं पिल्लों को पकड़कर पीटा गया और फिर जला दिया गया।

जानवर भी दर्द और तकलीफ महसूस करते हैं- सुधांशु शर्मा

बेजुबान डॉग शेल्टर के संस्थापक सुधांशु शर्मा ने कहा कि बेजुबान जानवर भी दर्द, भूख और तकलीफ महसूस करते हैं। उनके साथ इस तरह की क्रूरता अमानवीय होने के साथ कानूनन अपराध भी है। ऐसे मामलों में कार्रवाई नहीं हुई तो इस तरह की घटनाएं दोबारा हो सकती हैं।

नाबालिग हैं, फिर भी वैधानिक कार्रवाई की संभावनाएं देख रहे- TI

गांधीनगर थाना प्रभारी शशिकांत सिन्हा ने बताया कि घटना में शामिल नाबालिगों की पहचान कर ली गई है। उनके अभिभावकों को थाने बुलाया गया है। घटना में नाबालिग शामिल हैं, फिर भी वैधानिक कार्रवाई की संभावनाएं देखी जा रही हैं।

Exit mobile version