
CCTV फुटेज की जांच में आरोपी की पहचान मोहल्ले के श्रवण उरांव (22) के रूप में हुई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। घटना गुरुवार रात करीब 3:30 बजे कोतवाली थाना क्षेत्र के धांगरडीपा की है।
घर के बाहर खड़ी थीं दोनों बाइक, पड़ोसी ने दी आग लगने की सूचना
धांगरडीपा निवासी आशीष अग्रवाल (32) ने पुलिस को बताया कि वह वार्ड क्रमांक-2 में छोटा पानी टंकी के पास मकान मालिक एस. लकड़ा के मकान में किराये से रहता है। वह स्थानीय प्लांट में ठेकेदारी का काम करता है।
गुरुवार रात रोज की तरह उसने अपनी पैशन प्रो बाइक अन्य वाहनों के साथ घर के बाहर खड़ी की और सोने चला गया। रात करीब 3:30 बजे पड़ोसी मनोज देवांगन ने उसे फोन कर बताया कि घर के बाहर खड़ी उसकी बाइक में आग लग गई है।
पास में खड़ी पड़ोसी कामता प्रसाद बरेठ की प्लेटिना बाइक भी आग की चपेट में आ गई है। सूचना मिलते ही आशीष बाहर आया। तब तक दोनों बाइक बुरी तरह जल चुकी थीं। इसके बाद उसने मोहल्ले के लोगों के साथ मिलकर पानी डालकर आग बुझाई।
CCTV फुटेज में बाइक में आग लगाते और कैमरे तोड़ते दिखा आरोपी
घटना के दौरान आरोपी ने मकान के सामने लगे CCTV कैमरे भी तोड़ दिए थे। इसके बाद आशीष ने घर में लगे CCTV फुटेज की जांच की। इसमें मोहल्ले का श्रवण उरांव उर्फ भोंदू (22) दोनों बाइक में आग लगाते और कैमरे तोड़ते दिखाई दिया।
आशीष की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। पूछताछ में श्रवण उरांव ने बाइक में आग लगाने और कैमरे तोड़ने की बात स्वीकार कर ली।
रक्षाबंधन पर भी वाहनों में लगाई थी आग
पुलिस की पूछताछ में पता चला कि आरोपी ने बीते रक्षाबंधन के समय भी घर के बाहर खड़े वाहनों में आग लगाई थी। इस घटना की रिपोर्ट भी कोतवाली थाने में दर्ज कराई गई थी।
वर्तमान घटना में आरोपी ने रात के समय घर के अंदर प्रवेश कर वारदात को अंजाम दिया था। इसके चलते पुलिस ने केस में BNS की धारा 331(2) भी जोड़ दी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।