
पुलिस के मुताबिक, 30-31 अक्टूबर 2026 की रात घुड़देवा इलाके से नई रेल लाइन परियोजना का 300 मीटर OHE कॉपर कैटेनरी वायर चोरी हो गया था। इसकी कीमत करीब 3 लाख रुपए बताई गई है। इस मामले में अभिषेक कुमार पंडित ने 31 अक्टूबर को रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस ने अपराध क्रमांक 225/2026 के तहत केस दर्ज किया।
मुखबिर से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने सिद्ध कुमार बघेल से पूछताछ की। उसने बताया कि चोरी का तार गुलशन बर्मन और गिरीलाल पटले से लेकर किरण कबाड़ी दुकान के आकाश साहू को बेचा गया था। इसके बाद पुलिस ने गुलशन बर्मन, गिरीलाल पटले और सिद्ध कुमार बघेल को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों में गुलशन बर्मन (21) जेदुकछाई निवासी और सुरक्षा गार्ड है। गिरीलाल पटले (39) बेलटुकरी, बलौदा, जांजगीर का रहने वाला है। सिद्ध कुमार बघेल (41) घुड़देवा निवासी और कबाड़ी है।
सिंघाली खदान में घुसकर सुरक्षा प्रहरियों से मारपीट
दूसरा मामला SECL की सिंघाली खदान का है। प्रताप नारायण पटेल ने पुलिस को बताया कि वह मारखं यादव, जगतराम यादव, रमेश पटवा और घुमान दास के साथ खदान की वर्कशॉप में ड्यूटी पर थे। इसी दौरान रात 8:40 बजे सोना उर्फ विरेन्द्र, परमेश्वर, तखत और विजय चोरी की नीयत से प्रतिबंधित इलाके में घुस गए।
रिपोर्ट के मुताबिक, आरोपियों ने सुरक्षा प्रहरियों के साथ गाली-गलौज और मारपीट की। उन्होंने पत्थर भी फेंके और जान से मारने की धमकी दी।
पुलिस ने इस मामले में विरेन्द्र कुमार पाटले उर्फ सोना (23), निवासी बांधापारा अरदा को गिरफ्तार किया है। उसे जेल भेज दिया गया है। बाकी आरोपियों की तलाश की जा रही है।