छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में गर्भपात से जुड़े दो मामले सामने आए

Chhattisgarh Crimesछत्तीसगढ़ के बिलासपुर में गर्भपात से जुड़े दो मामले सामने आए हैं। पहले मामले में नाबालिग किशोरी का गर्भपात कराने के आरोप में महिला फिजियोथेरेपिस्ट डॉक्टर को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। मामला तोरवा थाना थाना क्षेत्र का है।

वहीं, दूसरे मामले में 3 महीने की प्रेग्नेंट पत्नी ने पति और डॉक्टर पर मिलीभगत कर बिना सहमति गर्भपात कराने का आरोप लगाया है। महिला की शिकायत पर पुलिस ने पति सुयश अग्रवाल और डॉक्टर उज्ज्वला कराडे के खिलाफ केस दर्ज किया है। मामला सिरगिट्टी थाना थाना क्षेत्र का है।

पहले मामले में आरोप है कि डॉक्टर को किशोरी के नाबालिग होने की जानकारी थी। इसके बावजूद जरूरी सरकारी अनुमति के बिना उसका गर्भपात कराया गया। इस मामले में तोरवा थाना पुलिस किशोरी का शोषण करने वाले युवक को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है।

केस- 1 शादी का झांसा देकर शोषण, फिर कराया गर्भपात

तोरवा थाना क्षेत्र में सामने आए पहले मामले में गणेश सोनी पर नाबालिग किशोरी को शादी का झांसा देकर उसका शोषण करने का आरोप है। इसके बाद आरोपी ने डॉक्टर सुब्धा मसीह की मदद से किशोरी का गर्भपात कराया। पुलिस ने जांच के दौरान साक्ष्य जुटाए और पहले गणेश सोनी को गिरफ्तार किया।

फिजियोथेरेपिस्ट डॉक्टर को भी किया गिरफ्तार

जांच में पता चला कि गणेश सोनी ने गर्भपात कराने के लिए उसलापुर निवासी फिजियोथेरेपिस्ट सुब्धा मसीह (43) की मदद ली थी। उसके कहने पर आरोपी ने भ्रूण नदी में फेंक दिया था। गणेश से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने सुब्धा मसीह को भी गिरफ्तार कर लिया।

आरोप है कि डॉक्टर को किशोरी के नाबालिग होने की जानकारी थी। इसके बावजूद जरूरी सरकारी अनुमति के बिना गर्भपात कराया गया। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।

केस- 2 तलाक लेने में बच्चा बाधा न बने, इसलिए गर्भपात कराने का आरोप

दूसरा मामला सिरगिट्टी थाना क्षेत्र का है। कोरबा जिले की रहने वाली 24 साल की आकांक्षा की शादी 26 अप्रैल 2026 को सुयश अग्रवाल से हुई थी। आकांक्षा ने 14 नवंबर को अपनी मां और परिजनों के साथ सिरगिट्टी थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।

उसका आरोप है कि शादी के बाद से पति उसे पसंद नहीं करता था। वह आए दिन विवाद करता था और तलाक लेना चाहता था। इसी बीच आकांक्षा 3 महीने की गर्भवती हो गई। आरोप है कि पति को लगा कि बच्चे के जन्म के बाद तलाक लेना मुश्किल हो जाएगा। इसलिए उसने डॉक्टर के साथ मिलकर गर्भपात कराने की योजना बनाई।

जांच के बहाने अस्पताल ले गया, बेहोशी का इंजेक्शन देने का आरोप

पीड़िता ने शिकायत में बताया कि 13 नवंबर को पति गर्भावस्था की जांच कराने के बहाने उसे बिलासपुर के मल्टी स्पेशलिटी एंड वूमेन केयर क्लीनिक नर्सिंग होम (जेपी हॉस्पिटल) ले गया। वहां उसे भर्ती कराया गया।

महिला का आरोप है कि उसे बातों में उलझाकर बेहोशी का इंजेक्शन दिया गया। बेहोशी की हालत में किसी कागज पर हस्ताक्षर कराए गए और उसकी सहमति के बिना गर्भपात कर दिया गया। होश आने पर पति ने उसे बताया कि बच्चे की हार्टबीट कम थी।

महिला ने पति सुयश अग्रवाल और डॉक्टर उज्ज्वला कराडे पर मिलीभगत कर उसकी मर्जी के खिलाफ गर्भपात कराने का आरोप लगाया है।

Exit mobile version