
10 हजार के लालच में दोस्त को दिया बैंक अकाउंट
पुलिस के मुताबिक, समन्वय पोर्टल से मिली जानकारी में पता चला कि पिपरिया के शिव प्रकाश चंद्रवंशी के बैंक खाते में अलग-अलग राज्यों के 14 साइबर ठगी के मामलों की रकम का लेनदेन हुआ है। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना पिपरिया और साइबर पुलिस की संयुक्त टीम ने जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस ने पिपरिया के शिव प्रकाश चंद्रवंशी (पिता सुरेश कुमार चंद्रवंशी) को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में उसने बताया कि उसने अपने एक दोस्त से 10 हजार रुपए लेकर उसे अपना बैंक खाता इस्तेमाल करने के लिए दिया था। इस खाते के जरिए करीब 6 लाख 64 हजार 322 रुपए का लेनदेन हुआ।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 317(4), 318(2) के तहत केस दर्ज किया। इसके बाद उसे गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।।
पुलिस की अपील
कबीरधाम पुलिस ने लोगों से अपील की है कि रुपए या कमीशन के लालच में किसी को भी अपना बैंक खाता, ATM कार्ड, चेकबुक या बैंकिंग से जुड़ी गोपनीय जानकारी न दें। ऐसे खातों का इस्तेमाल साइबर ठगी की रकम के लेनदेन में किया जा सकता है। इससे खाताधारक भी कानूनी कार्रवाई में फंस सकते हैं।