बिलासपुर के सरकंडा स्थित अशोक नगर के अटल आवास में बुधवार रात करीब 11 बजे अलाव जलाने के लिए लकड़ी फोड़ने की बात पर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया

Chhattisgarh Crimesबिलासपुर के सरकंडा स्थित अशोक नगर के अटल आवास में बुधवार रात करीब 11 बजे अलाव जलाने के लिए लकड़ी फोड़ने की बात पर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया।

इस दौरान धारदार हथियार से हमले में 19 साल का मयंक ध्रुव गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। वहीं, दूसरे पक्ष के गोपाल समेत दो युवक भी गंभीर रूप से घायल हो गए।

दोनों का सिम्स में इलाज चल रहा है। सरकंडा पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर एफआईआर दर्ज की है। पुलिस ने हत्या के मामले में चार और हत्या के प्रयास के मामले में दो आरोपियों को चिन्हित किया है। उनकी गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई की जा रही है। मामला सरकंडा थाना क्षेत्र का है।

अलाव के लिए लकड़ी तोड़ने पर शुरू हुआ विवाद

जानकारी के मुताबिक, घटना अटल आवास के डी ब्लॉक की है। बताया जा रहा है कि बुधवार रात अलाव जलाने के लिए लकड़ी फोड़ी जा रही थी। इसी बात पर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई।

विवाद बढ़ने पर दोनों तरफ से मारपीट होने लगी। इस दौरान मयंक गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन और अन्य लोग उसे अस्पताल ले जाने लगे, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया।

दूसरे पक्ष के दो युवक भी गंभीर रूप से घायल

इस मारपीट में दूसरे पक्ष के गोपाल समेत दो युवक भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं। दोनों को इलाज के लिए सिम्स में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद इलाके में पुलिस पहुंची और दोनों पक्षों की शिकायत पर केस दर्ज किया।

Exit mobile version