
विमानन संचालनालय नवा रायपुर ने जिला प्रशासन से संभावित स्थलों की विस्तृत जानकारी मांगी है। जमीन की अनुशंसा होने के बाद भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (AAI) उसका पूर्व-व्यवहार्यता अध्ययन और ऑब्स्टेकल लिमिटेशन सरफेस (OLS) सर्वे करेगा। शासन के दिशा-निर्देशों के मुताबिक, आधुनिक ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट के निर्माण के लिए करीब 396 हेक्टेयर यानी 979 एकड़ जमीन की जरूरत होगी। इसमें 2400 मीटर लंबा और 45 मीटर चौड़ा रनवे प्रस्तावित है।
रनवे की मध्य रेखा के एक तरफ 500 मीटर और दूसरी तरफ 400 मीटर तक जमीन खाली रखना जरूरी होगा। वहीं, रनवे के दोनों सिरों पर कम से कम 1000-1000 मीटर खाली जगह भी चाहिए। इस तरह कुल 4400 मीटर लंबाई और 900 मीटर चौड़ाई के क्षेत्र की जरूरत होगी। जमीन के साथ इन पहलुओं की भी होगी जांच जिला प्रशासन को संभावित जमीन का ग्राम, तहसील, नजदीकी शहर से दूरी, कुल रकबा, खसरा नंबर, नक्शा और GPS निर्देशांक उपलब्ध कराना होगा।
साथ ही जमीन शासकीय, निजी, वन या राजस्व किस श्रेणी की है, इसकी जानकारी भी देनी होगी। जमीन अतिक्रमण, विवाद और निर्माण से मुक्त होनी चाहिए। इसके अलावा स्थल की भौगोलिक स्थिति, आसपास की पहाड़ियों, ऊंची इमारतों, टावर और हाईटेंशन बिजली लाइनों की जानकारी भी मांगी गई है। राष्ट्रीय और राज्य राजमार्ग, रेल संपर्क, बिजली और पानी की उपलब्धता का भी आकलन किया जाएगा। सर्वे के बाद आगे बढ़ेगी प्रक्रिया
भारत सरकार के नागरिक उड्डयन मंत्रालय की पहल पर भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण राज्य सरकार की अनुशंसा पर चिन्हित स्थलों का निशुल्क पूर्व-व्यवहार्यता अध्ययन और OLS सर्वे करेगा।
इसके आधार पर एयरपोर्ट निर्माण की तकनीकी संभावनाओं का आकलन किया जाएगा। प्रक्रिया आगे बढ़ने से बस्तर में पर्यटन, व्यापार और औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।