रायपुर के तेलीबांधा इलाके में परिवार के वाराणसी जाने के बाद सूने मकान में चोरी हो गई

Chhattisgarh Crimesरायपुर के तेलीबांधा इलाके में परिवार के वाराणसी जाने के बाद सूने मकान में चोरी हो गई। आरोपी ने घर के अंदर घुसकर अलमारी का लॉकर तोड़ा और सोने-चांदी के जेवर के साथ कैश लेकर फरार हो गया।

परिवार जब 20 नवंबर को वापस लौटा तो चोरी का पता चला। शिकायत के बाद पुलिस ने 22 साल के युवक को गिरफ्तार किया है। उसके पास से चोरी की सोने की चेन, चांदी के 12 बेलपत्र और 89 हजार 495 रुपए कैश बरामद किए गए हैं।

पुलिस के मुताबिक, डॉ. स्नेहिल दीवान 18 नवंबर को परिवार के साथ वाराणसी गए थे। घर में ताला लगाकर जाने के बावजूद चोर ने वारदात को अंजाम दे दिया।

20 नवंबर को लौटने पर उन्होंने देखा कि घर के बाहर का गेट बंद था, लेकिन अंदर के मुख्य गेट का ताला टूटा हुआ था। घर के अंदर अलमारी का लॉकर भी टूटा मिला। उसमें रखे सोने-चांदी के आभूषण और कैश गायब थे।

पूछताछ में कबूली चोरी, छत की सीढ़ियों के पास छिपाया था सामान

शिकायत पर तेलीबांधा पुलिस ने अपराध क्रमांक 527/2026 के तहत BNS की धारा 331(4) और 305(ए) में केस दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने संदेह के आधार पर श्याम सोना (22), निवासी मौलीपारा शाम बाजार को हिरासत में लेकर पूछताछ की।

पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने चोरी करना स्वीकार किया। उसने बताया कि चोरी का सामान घर की छत पर जाने वाली सीढ़ियों के पास छिपाकर रखा है। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने सोने की चेन, चांदी के 12 बेलपत्र और कैश बरामद की। मौके से सब्जी काटने वाला चाकू भी जब्त किया गया।

न्यायिक रिमांड पर भेजा गया आरोपी

पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। कार्रवाई में तेलीबांधा थाने के PSI चंद्र कुमार, प्रधान आरक्षक राम नारायण पटेल, आरक्षक विंध्यराज और मंजीत की भूमिका रही।

Exit mobile version