दुर्ग जिले के जामुल में दिसंबर में होने वाले नगर पालिका चुनाव से पहले रविवार को उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने 20 करोड़ रुपए के विकास कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण किया

Chhattisgarh Crimesदुर्ग जिले के जामुल में दिसंबर में होने वाले नगर पालिका चुनाव से पहले रविवार को उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने 20 करोड़ रुपए के विकास कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण किया।

कार्यक्रम में हजारों नगरवासी शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने मानस भवन निर्माण के लिए 2 करोड़ रुपए देने की घोषणा की। साथ ही अधिकारियों को अगले दिन से काम शुरू करने के निर्देश दिए।

अरुण साव ने बताया कि भाजपा सरकार बनने के बाद जामुल में 54 करोड़ 26 लाख रुपए के विकास कार्यों की सौगात दी जा चुकी है। इनमें सड़क, नाली और पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं से जुड़े काम शामिल हैं।

पार्षदों को जिताने की अपील

दिसंबर में होने वाले निकाय चुनाव को देखते हुए अरुण साव ने कार्यकर्ताओं को चुनावी तैयारी का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि निकाय चुनाव में पार्षदों के जरिए अध्यक्ष चुना जाता है। इसलिए भाजपा के ज्यादा से ज्यादा पार्षदों को जिताना जरूरी है, ताकि नगर पालिका में पार्टी का अध्यक्ष बनाया जा सके। उन्होंने विकास कार्यों के आधार पर चुनाव लड़ने की बात कही।

प्रधानमंत्री की सोना खरीदने की अपील का समर्थन

अरुण साव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सोना खरीदने को लेकर की गई अपील का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री जब भी देशवासियों से कोई आग्रह करते हैं, तो वह जनता के हित में होता है। सोना खरीदने को लेकर किया गया उनका आग्रह भी जनहित में था। साव ने कहा कि यह बात साबित भी हुई है।

शहरों के विकास पर बोले- लगातार हो रहे काम

अरुण साव ने कहा कि प्रदेश के सभी नगरीय निकायों में लगातार विकास कार्य हो रहे हैं। शहरों को स्वच्छ, सुंदर और सुविधाजनक बनाने के लिए योजनाएं तैयार की गई हैं। इसी का नतीजा है कि छत्तीसगढ़ के शहरों को राष्ट्रीय स्तर पर पुरस्कार मिल रहे हैं।

कांग्रेस पर साधा निशाना

अरुण साव ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि सत्ता में रहते हुए अपने स्वार्थ के लिए संविधान को नुकसान पहुंचाने वाले नेता अब सत्ता से बाहर होकर संविधान की बात कर रहे हैं।

उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेता न तो संविधान को समझते हैं और न ही उसका पालन करते हैं। वे संवैधानिक संस्थाओं को बदनाम कर देश में अराजकता फैलाने का काम कर रहे हैं।

Exit mobile version