
उनका आरोप है कि छात्रावास के लिए आवंटित 0.72 एकड़ जमीन प्रभावित की जा रही है, जबकि सड़क निर्माण के लिए दूसरी तरफ जमीन उपलब्ध है। छात्र-छात्राओं ने जमीन का सीमांकन कराने और जांच पूरी होने तक निर्माण कार्य रोकने की मांग की है।
उनका कहना है कि बाउंड्रीवाल टूटने से परिसर में रहने वाले छोटे बच्चों और छात्राओं की सुरक्षा खतरे में पड़ सकती है। वहीं, अफसरों का कहना है कि यातायात व्यवस्था बेहतर बनाने के लिए सड़क चौड़ीकरण किया जा रहा है।
0.72 एकड़ जमीन छात्रावास के लिए आवंटित
छात्रों ने कलेक्टर को दी शिकायत में बताया कि छात्रावास के लिए करीब 0.72 एकड़ जमीन आवंटित है। यहां छोटे बच्चे और छात्राएं रहते हैं। ऐसे में बाउंड्रीवाल तोड़कर सड़क निर्माण करने और परिसर में जेसीबी से खुदाई करने से उनकी सुरक्षा व्यवस्था प्रभावित हो सकती है।
छात्रों का कहना है कि बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए पहले जमीन की वास्तविक स्थिति स्पष्ट की जानी चाहिए। जब सड़क निर्माण के लिए दूसरी तरफ जमीन उपलब्ध है, तो छात्रावास की जमीन को ही क्यों प्रभावित किया जा रहा है?
सीमांकन और जांच पूरी होने तक काम रोकने की मांग
छात्र-छात्राओं ने राजस्व रिकॉर्ड के आधार पर जमीन का सीमांकन कराने की मांग की है। उनका कहना है कि प्रशासन संयुक्त जांच कर जमीन की वास्तविक स्थिति स्पष्ट करे। जांच पूरी होने तक निर्माण कार्य पर रोक लगाई जाए, ताकि छात्रावास की सुरक्षा प्रभावित न हो।
साइंस कॉलेज से शनिचरी रपटा तक सड़क चौड़ीकरण
दरअसल, चांटीडीह में साइंस कॉलेज के सामने से शनिचरी रपटा तक सड़क चौड़ीकरण का काम चल रहा है। राज्य शासन से स्वीकृति मिलने के बाद यहां नाली निर्माण कराया गया। इसके बाद सड़क की चौड़ाई बढ़ाने के लिए अवैध निर्माण और कब्जे हटाए गए।
अफसर बोले- यातायात व्यवस्था सुधारने हो रहा काम
अफसरों का कहना है कि क्षेत्र में यातायात व्यवस्था बेहतर बनाने के लिए सड़क चौड़ीकरण किया जा रहा है। इसी काम के तहत छात्रावास की बाउंड्रीवाल तोड़ी गई है। वहीं, छात्र-छात्राएं आवंटित जमीन की स्थिति स्पष्ट होने और सुरक्षा का इंतजाम होने तक निर्माण कार्य रोकने की मांग कर रहे हैं।