
परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने स्कूल के असिस्टेंट डायरेक्टर, हॉस्टल वार्डन समेत चार लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की है। मामला गांधीनगर थाना क्षेत्र का है।
दो दिन पहले हॉस्टल से भाग गया था छात्र
जानकारी के मुताबिक, बलरामपुर जिले के चलगली थाना क्षेत्र का रहने वाला नाबालिग छात्र बिरला ओपन माइंड्स स्कूल में कक्षा 9वीं में पढ़ता है। परिजनों ने उसे स्कूल के हॉस्टल में रखा था। दीपावली की छुट्टियां खत्म होने के बाद वह वापस हॉस्टल आया था।
बताया गया कि 22 नवंबर को छात्र हॉस्टल से चला गया था। इसके बाद स्कूल प्रबंधन उसे वापस लेकर आया और फिर हॉस्टल में रखा था।
परिजनों का आरोप- हॉस्टल में कैद करके रखा था
परिजनों का आरोप है कि, छात्र को हॉस्टल में कैद करके रखा गया था। इससे नाराज होकर रविवार शाम उसने हॉस्टल की दूसरी मंजिल के रोशनदान से छलांग लगा दी। हादसे में उसके हाथ-पैरों में गंभीर चोटें आईं।
स्कूल प्रबंधन ने छात्र को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। घटना की सूचना मिलने पर परिजन भी अंबिकापुर पहुंचे। उनका आरोप है कि छात्र के हॉस्टल से जाने और वापस लाए जाने की जानकारी उन्हें नहीं दी गई थी। परिजनों के मुताबिक, स्थानीय अभिभावक छात्र को लेने हॉस्टल पहुंचे थे, लेकिन उसे उनके साथ नहीं भेजा गया।
असिस्टेंट डायरेक्टर समेत चार पर FIR
गांधीनगर पुलिस ने स्कूल के असिस्टेंट डायरेक्टर सूरज मित्तल, मार्केटिंग हेड उत्कर्ष, हॉस्टल वार्डन अवधेश शर्मा और एचआर कुणाल के खिलाफ जुवेनाइल जस्टिस एक्ट की धारा 75 के तहत FIR दर्ज की है।
इस मामले में थाना प्रभारी शिशिर कांत सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। छात्र को बेहतर इलाज के लिए वाराणसी रेफर किया गया है।
पहले भी विवादों में आया था स्कूल
बिरला ओपन माइंड्स स्कूल इससे पहले एक शिक्षक द्वारा छात्र से 100 बार गाली लिखवाने के मामले में भी चर्चा में आया था। उस समय मामले की जांच के लिए डीईओ दिनेश झा स्कूल पहुंचे थे। इसके बाद स्कूल प्रबंधन ने संबंधित शिक्षक को बर्खास्त कर दिया था।