भिलाई के खुर्सीपार में स्कूल-कॉलेज के युवाओं को चिट्टा (हेरोइन) बेचने वाले नेटवर्क का पुलिस ने खुलासा किया

Chhattisgarh Crimesभिलाई के खुर्सीपार में स्कूल-कॉलेज के युवाओं को चिट्टा (हेरोइन) बेचने वाले नेटवर्क का पुलिस ने खुलासा किया है। मामले में अब तक दो नाबालिग समेत 13 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

आरोपियों के कब्जे से 70.460 ग्राम हेरोइन, कैश, सोने-चांदी के गहने, मोबाइल और कार समेत कुल 39 लाख 95 हजार 800 रुपए का सामान जब्त किया गया है।

पुलिस के मुताबिक, 19 सितंबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि खुर्सीपार के जोन नंबर-3 स्थित जीरो स्ट्रीट में जसबीर कौर के मकान में हेरोइन बेची जा रही है। सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और तलाशी ली।

इस दौरान जसबीर कौर उर्फ सोनू को पकड़ा गया। उसके कब्जे से 70.460 ग्राम हेरोइन मिली, जिसकी कीमत 14 लाख 9 हजार 200 रुपए बताई गई।

पुलिस ने मौके से चिट्टा बेचकर मिली 2 लाख 35 हजार 100 रुपए की नकदी, सोने के 19 गहने, चांदी के गहने और बर्तन, 8 मोबाइल और इलेक्ट्रॉनिक तराजू भी जब्त किए।

शुरुआती कार्रवाई में कुल 29 लाख 22 हजार 300 रुपए का सामान जब्त हुआ था। इसके बाद NDPS एक्ट और किशोर न्याय अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

पूछताछ और सबूतों से सामने आए नेटवर्क के नाम

जांच के दौरान पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की और मिले सबूतों के आधार पर नेटवर्क से जुड़े दूसरे लोगों की पहचान की। 19 सितंबर को जसबीर कौर के साथ नितेश सोनी, तिरकेश निषाद और दो नाबालिग को गिरफ्तार किया गया था।

इसके बाद 24 सितंबर को गुरमीत सिंह उर्फ लक्की और हेमंत दयाल उर्फ राजू को पकड़ा गया। 6 अक्टूबर को आशीष कुमार शाह उर्फ कुक्कन गिरफ्तार हुआ। इसके बाद मनजी कुमार, रॉबी सिंह और ऋषि देव कुमार साहनी उर्फ ऋषि बाबा को भी गिरफ्तार किया गया।

कार और मोबाइल समेत 10.73 लाख का सामान जब्त

पुलिस ने 24 नवंबर को दो और आरोपियों रबेल सिंह और गौरव अहिरवार को गिरफ्तार किया। रबेल सिंह जामुल के अटल आवास स्थित गोकुल नगर का रहने वाला है, जबकि गौरव अहिरवार वैशाली नगर का निवासी है।

दोनों के कब्जे से चिट्टा बिक्री के 3,500 रुपए कैश, दो मोबाइल और हुंडई आई-20 कार जब्त की गई। जब्त मोबाइल में मोटोरोला जी-06 पावर की कीमत 10 हजार रुपए और ओप्पो रेनो-16 5G की कीमत 60 हजार रुपए बताई गई है।

कार की कीमत 10 लाख रुपए आंकी गई। पुलिस ने फाइल पेपर रोल भी जब्त किया। इस कार्रवाई में कुल 10 लाख 73 हजार 500 रुपए का सामान जब्त किया गया।

अब तक 39.95 लाख रुपए की जब्ती

पुलिस के अनुसार, पूरे मामले में अब तक 70.460 ग्राम हेरोइन जब्त की गई है, जिसकी कीमत 14 लाख 9 हजार 200 रुपए बताई गई है। इसके अलावा 2 लाख 38 हजार 600 रुपए कैश, 9 लाख 65 हजार रुपए के सोने के 19 गहने, 1 लाख 80 हजार रुपए के चांदी के गहने और बर्तन जब्त किए गए हैं।

10 मोबाइल की कीमत 2 लाख रुपए और आई-20 कार की कीमत 10 लाख रुपए आंकी गई है। इलेक्ट्रॉनिक तराजू और फाइल पेपर रोल समेत कुल जब्ती 39 लाख 95 हजार 800 रुपए की बताई गई है।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी हेरोइन की खरीद-बिक्री से कमाई कर रहे थे। गिरफ्तार वयस्क आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

Exit mobile version