छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में शराब पीने की बात पर हुए विवाद में बेटे ने कुल्हाड़ी वार कर पिता की हत्या कर दी

Chhattisgarh Crimesछत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में शराब पीने की बात पर हुए विवाद में बेटे ने कुल्हाड़ी वार कर पिता की हत्या कर दी। आरोपी नशे में घर पहुंचा था। पिता ने उसे शराब पीने पर टोका तो वह मारपीट करने लगा।

इसके बाद माता-पिता बेटे की शिकायत करने सरपंच के घर जा रहे थे। तभी आरोपी ने रास्ते में उन्हें रोककर पिता के सिर और पीठ पर कुल्हाड़ी से कई वार कर दिए। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मामला खरसिया क्षेत्र के ग्राम रानीसागर का है।

पुलिस के मुताबिक, घटना 24 नवंबर की रात करीब 8:30 बजे की है। राजकुमार गिरी (36 शराब के नशे में घर पहुंचा था। इस पर पिता धरम उर्फ श्रवण गिरी (65) ने उसे समझाते हुए कहा कि आज पूजा-पाठ का दिन है।

घर चलाने के लिए पैसे नहीं हैं, इसके बावजूद वह रोज शराब पीकर घर आता है। इसी बात पर राजकुमार गुस्सा हो गया और पिता के साथ मारपीट करने लगा।

शिकायत करने जा रहे माता-पिता को रास्ते में रोका

रात करीब 9 बजे श्रवण गिरी अपनी पत्नी के साथ बेटे की शिकायत करने सरपंच के घर जा रहे थे। इसी दौरान राजकुमार कुल्हाड़ी लेकर पीछे से पहुंचा। उसने सरपंच के घर के गेट के पास माता-पिता को रोक लिया।

शिकायत करने जाने की बात पर गुस्साए राजकुमार ने पिता के सिर पर कुल्हाड़ी से वार कर दिया। श्रवण जमीन पर गिर पड़े। इसके बाद आरोपी ने उनके सिर और पीठ पर कई वार किए। हमले में उनकी मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।

फॉरेंसिक टीम ने जुटाए सबूत, आरोपी हिरासत में

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जरूरी सबूत जुटाए। पुलिस ने मृतक की पत्नी के बयान पर आरोपी के खिलाफ BNS की धारा 103(1) में हत्या का केस दर्ज किया है।

पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेजने की कार्रवाई की जा रही है।

Exit mobile version