
इसी दस्तावेज के आधार पर उसकी डिलीवरी कराई गई। मामला सामने आने के बाद पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ POCSO एक्ट की धाराएं भी जोड़ दी हैं। साथ ही फर्जी दस्तावेज तैयार करने से जुड़ी धाराएं भी जोड़ी जा रही हैं।
यह मामला आजाद चौक थाने में दर्ज नवजात खरीद-बिक्री केस से जुड़ा है। आरोपियों ने उसकी उम्र छिपाकर उसे बालिग बताने के लिए फर्जी दस्तावेज तैयार किए थे। अब इस मामले में शामिल सभी आरोपियों के खिलाफ POCSO और फर्जी दस्तावेज बनाने से जुड़ी धाराओं के तहत कार्रवाई की जाएगी।
फर्जी दस्तावेज बनाकर अस्पताल में कराई डिलीवरी
पुलिस जांच में सामने आया है कि, नाबालिग को मुफ्त इलाज और डिलीवरी कराने का झांसा देकर रायपुर लाया गया था। यहां उसकी मुलाकात बच्चा बेचने वाले सिंडिकेट से जुड़ी महिलाओं से कराई गई। आरोप है कि इन महिलाओं ने उसकी आर्थिक स्थिति का फायदा उठाकर नवजात को बेचने की साजिश रची।
4 नवंबर 2026 को गुढ़ियारी स्थित दिवाकर अस्पताल में उसकी डिलीवरी हुई। इसके बाद नवजात के दस्तावेज तैयार किए गए। जांच में सामने आया कि किशोरी की असली उम्र छिपाने के लिए फर्जी आधार कार्ड और जन्म प्रमाण-पत्र का इस्तेमाल किया गया।
सड़क पर विवाद से खुला था बच्चा बेचने का मामला
इस पूरे सिंडिकेट का खुलासा आजाद चौक पुलिस की कार्रवाई के बाद हुआ था। पुलिस को दो महिलाओं के बीच सड़क पर विवाद की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस को एक महिला ने बताया कि वह ओडिशा के सुंदरगढ़ की रहने वाली है। दोनों महिलाएं उसके बच्चे को बेचने और रकम के बंटवारे को लेकर विवाद कर रही थीं।
पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने जांच शुरू की। पूछताछ में बच्चा बेचने के नेटवर्क से जुड़ी महिलाओं के नाम सामने आए। आरोपियों ने डॉ. खिर सिंधु महानंद, प्रकाश कुमार कौरव और अश्वनी शर्मा समेत अन्य लोगों की भूमिका की जानकारी दी।
पुलिस ने अब तक 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। 7वें आरोपी की पहचान जितेन्द्र खेतान (36) के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, पहले गिरफ्तार कृतिका साहू ने एक नवजात बच्ची को जितेन्द्र को बेचा था।