छत्तीसगढ़ में जनगणना-2027 के दूसरे चरण की तैयारियां तेज हो गई

Chhattisgarh Crimesछत्तीसगढ़ में जनगणना-2027 के दूसरे चरण की तैयारियां तेज हो गई हैं। इसके तहत फरवरी 2027 तक प्रदेश में जनसंख्या की गणना पूरी की जाएगी। जनगणना का काम डिजिटल तरीके से होगा। इसके लिए 10 से 24 जनवरी 2027 तक नागरिकों को खुद अपनी जानकारी दर्ज करने की सुविधा मिलेगी।

यह स्व-गणना पूरी तरह ऐच्छिक होगी, यानी इसे कराना जरूरी नहीं है। इसके बाद 25 जनवरी से 28 फरवरी तक प्रगणक घर-घर जाकर लोगों की जानकारी दर्ज करेंगे। एक से 5 मार्च तक दर्ज जानकारी की जांच की जाएगी।

जनगणना के दूसरे चरण में प्रदेश के सभी 33 जिलों, 14 नगर निगमों, 19,978 गांवों और 195 शहरों में गणना होगी। इसके लिए 62,102 प्रगणक और 10,667 पर्यवेक्षकों की जरूरत होगी। करीब छह प्रगणकों पर एक पर्यवेक्षक तैनात रहेगा।

इस तरह 72 हजार से अधिक कर्मचारी जनगणना का काम संभालेंगे। प्रदेश में करीब 60,682 गणना ब्लॉक बनाए गए हैं। हर ब्लॉक में लगभग 800 लोगों की जानकारी दर्ज की जाएगी। बड़ी आबादी वाले क्षेत्रों में जरूरत के अनुसार अलग ब्लॉक बनाए जाएंगे।

हर व्यक्ति से पूछे जाएंगे जरूरी सवाल

जनगणना में हर व्यक्ति की सामाजिक और आर्थिक स्थिति से जुड़ी जानकारी जुटाई जाएगी। इसमें परिवार के सदस्यों की संख्या, उम्र, दिव्यांगता, धर्म, जाति और प्रजनन जैसे विषयों से जुड़े सवाल शामिल होंगे।

इन आंकड़ों के आधार पर केंद्र और राज्य सरकार विकास योजनाएं और नीतियां तैयार करती हैं। इसलिए जानकारी सही तरीके से दर्ज करना जरूरी है। नए बसाहटों, झुग्गी बस्तियों, बहुमंजिला इमारतों और व्यावसायिक भवनों को भी गणना में शामिल किया जाएगा।

मोबाइल एप से दर्ज होगी जानकारी

जनगणना के लिए विशेष मोबाइल एप तैयार किया गया है। यह 16 भाषाओं में उपलब्ध रहेगा। इंटरनेट नहीं होने पर भी एप में जानकारी दर्ज की जा सकेगी। स्व-गणना करने वाले नागरिकों को एक आईडी मिलेगी, जिसे घर पहुंचने पर प्रगणक को बताना होगा।

नागरिकों की निजी जानकारी सुरक्षित रखने के लिए पासवर्ड, ओटीपी और डेटा एन्क्रिप्शन जैसी तकनीकों का इस्तेमाल किया जाएगा। पोर्टल के जरिए कर्मचारियों की तैनाती, प्रशिक्षण और पूरे काम की निगरानी भी होगी।

कर्मचारियों को दिया जाएगा पांच चरणों में प्रशिक्षण

जनगणना के काम में लगे कर्मचारियों को पांच स्तर पर प्रशिक्षण दिया जाएगा। राष्ट्रीय प्रशिक्षकों, मास्टर ट्रेनर्स और जिला व चार्ज अधिकारियों का प्रशिक्षण पूरा हो चुका है। फील्ड ट्रेनर्स को 2 से 12 दिसंबर तक जिला मुख्यालयों में प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके बाद 21 दिसंबर 2026 से 15 जनवरी 2027 तक प्रगणकों और पर्यवेक्षकों को प्रशिक्षण मिलेगा।

मुख्य सचिव विकासशील ने कलेक्टरों को निर्देश दिए हैं कि वे कर्मचारियों की जिम्मेदारी तय करें और पूरे काम की नियमित निगरानी करें। जनगणना में लगे अधिकारियों और कर्मचारियों के तबादले पर रोक के निर्देशों का पालन भी सुनिश्चित करने को कहा गया है।

दिसंबर से चलेगा जागरूकता अभियान

मंत्रालय महानदी भवन में हुई राज्य स्तरीय कार्यशाला में मुख्य सचिव ने कहा कि जनगणना का काम तय समय में और बिना गलती के पूरा किया जाए। लोगों को बताया जाए कि जनगणना में दी गई जानकारी केवल आंकड़े जुटाने के लिए है।

इसका किसी प्रमाण पत्र या सरकारी योजना की पात्रता से संबंध नहीं है। दिसंबर के मध्य से 28 फरवरी 2027 तक जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। ग्रामीण क्षेत्रों और बस्तर के हाट-बाजारों में भी लोगों को इसकी प्रक्रिया समझाई जाएगी, ताकि वे बिना किसी भ्रम के गणना में सहयोग कर सकें।

Exit mobile version