
भगत ने कहा कि, आपने एक गाना सुना होगा ‘घूंघट की आड़ में…’। आखिर ऐसी कौन-सी आवश्यकता आन पड़ी है कि वूमेन रिजर्वेशन बिल परिसीमन की आड़ में लाया जा रहा है? क्या सरकार लोगों से कुछ छिपाना चाहती है?
उन्होंने कहा कि, हमारे पास भूपेश, ताम्रध्वज और देवेंद्र जैसे दिग्गज हैं। इस बार चक्रव्यूह तोड़ेंगे। आगामी निकाय चुनाव हमारा सेमीफाइनल है। इसके बाद 2028 में विधानसभा का फाइनल और 2029 में लोकसभा का मेगा फाइनल खेलना है।
भिलाई, चरोदा और रिसाली में भगत ने की बैठक
दरअसल, छत्तीसगढ़ कांग्रेस के प्रभारी और सांसद सुखदेव भगत 2 दिवसीय छत्तीसगढ़ दौरे पर हैं। शुक्रवार को दुर्ग जिले में पहुंचने पर ढोल-नगाड़ों और जोरदार नारों के बीच कार्यकर्ताओं ने प्रभारी भगत का स्वागत किया।
उन्होंने भिलाई के सेक्टर-4 स्थित एक निजी भवन में भिलाई, चरोदा और रिसाली नगर निगम क्षेत्र में कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की बैठक ली। प्रदेश के 17 नगर निगम पदाधिकारी, जिला अध्यक्षों, स्थानीय विधायकों और वरिष्ठ नेताओं से चर्चा की।
मीटिंग में ही कार्यकर्ताओं से सुखदेव भगत ने कहा कि, प्रदेश में कांग्रेस सरकार के समय शुरू किए गए विकास कार्य पूरी तरह ठप पड़े हैं और मौजूदा सरकार गहरी नींद में सो रही है।
भूपेश कार चलाकर सुखदेव भगत को स्टेशन छोड़ने गए
इस बैठक के बाद पूर्व सीएम भूपेश बघेल कार चलाकर सुखदेव भगत को स्टेशन छोड़ने गए। सुखदेव बाजू में बैठे दिखे। बाकी तमाम बड़े नेता पीछे-पीछे आ रहे थे।
मोदी के चेले साय भी जुमलों के बाजीगर, हर तरफ भ्रष्टाचार
सरगुजा संभाग के दौरे का जिक्र करते हुए सुखदेव भगत ने कहा कि, वे और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज जब मुख्यमंत्री के क्षेत्र में गए, तो वहां हर तरफ अव्यवस्था और भ्रष्टाचार नजर आया।
भगत ने कहा कि रोड, नाली, बिजली, किसान और युवा हर मोर्चे पर सरकार फेल है। कल संविधान दिवस था, हर साल संविधान दिवस पर युवाओं की नौकरी के लिए वैकेंसी निकलती थी, लेकिन इस बार वह भी नहीं निकली।