
धरमजयगढ़ रेंज के ग्राम बरतापाली के कक्ष क्रमांक 437 में एक नर हाथी का शव मिला था। इसकी सूचना मिलने के बाद वन विभाग के अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। स्निफर डॉग की मदद से जांच की गई। इसमें पता चला कि जंगली सूअर के शिकार के लिए खेत में करंट प्रवाहित तार लगाया गया था।
स्निफर डॉग की मदद से पकड़े गए चार आरोपी
जांच के दौरान वन विभाग ने अजय भगत (38), जयानंद भगत (37), भगवानों भगत (50) और रामदयाल (38) को हिरासत में लिया। सभी आरोपी नयागांव के निवासी बताए गए हैं। पूछताछ में आरोपियों ने शिकार के लिए करंट प्रवाहित तार लगाने की बात स्वीकार की।
वन्यप्राणी संरक्षण अधिनियम के तहत कार्रवाई
वन विभाग ने चारों आरोपियों के खिलाफ वन्यप्राणी संरक्षण अधिनियम की धाराओं के तहत कार्रवाई की है। आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जाएगा। मामले में आगे की जांच और कार्रवाई जारी है।