रायपुर के नवा रायपुर क्षेत्र स्थित नकटी गांव में विधायक आवास निर्माण के लिए 85 से अधिक गरीब परिवारों के मकान तोड़े जाने के विरोध में कांग्रेस ने जोरदार प्रदर्शन किया

Chhattisgarh Crimesरायपुर के नवा रायपुर क्षेत्र स्थित नकटी गांव में विधायक आवास निर्माण के लिए 85 से अधिक गरीब परिवारों के मकान तोड़े जाने के विरोध में कांग्रेस ने जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदेश कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष दीपक बैज के निर्देश पर जिला कांग्रेस कमेटी गौरेला-पेंड्रा-मरवाही ने मुख्यमंत्री और वित्त मंत्री का पुतला दहन कर सरकार के खिलाफ विरोध जताया।

जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष गजमती भानू के आह्वान पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान नेताओं ने आरोप लगाया कि सरकार ने प्रभावित परिवारों के पुनर्वास की व्यवस्था किए बिना उन्हें बेघर कर दिया, जो पूरी तरह अन्यायपूर्ण है।

जिला कांग्रेस अध्यक्ष गजमती भानू ने कहा कि भाजपा सरकार गरीब विरोधी नीतियों पर काम कर रही है। उन्होंने कहा कि वर्षों से बसे परिवारों को बिना वैकल्पिक व्यवस्था के उजाड़ना अमानवीय है। कांग्रेस पार्टी गरीबों, आदिवासियों और आम जनता के अधिकारों की रक्षा के लिए सड़क से सदन तक संघर्ष करती रहेगी।

पुनर्वास और मुआवजे की मांग

पूर्व विधायक डॉ. के.के. ध्रुव ने सरकार की कार्रवाई को संवेदनहीन बताते हुए कहा कि प्रभावित परिवारों को बेघर करने से पहले उनके पुनर्वास और उचित मुआवजे की व्यवस्था की जानी चाहिए थी। वहीं, मरवाही के छाया विधायक गुलाब राज ने कहा कि कांग्रेस हर हाल में गरीब परिवारों के साथ खड़ी है और उनके अधिकारों की रक्षा के लिए आंदोलन जारी रहेगा।

सरकारी कार्रवाई की निंदा

आदिवासी कांग्रेस अध्यक्ष बेचू राम और जिला कांग्रेस प्रवक्ता ओमप्रकाश बंका ने भी प्रदेश सरकार की कार्रवाई की कड़ी निंदा की। उन्होंने कहा कि गरीबों और आदिवासियों के साथ किसी भी प्रकार का अन्याय कांग्रेस बर्दाश्त नहीं करेगी और उनके हितों की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रहेगा।

Exit mobile version