रायपुर जिले के धरसीवा विकासखंड के नकटी गांव में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान कई परिवारों के मकान तोड़े जाने के विरोध में शनिवार शाम दुर्ग में कांग्रेस ने प्रदर्शन किया

Chhattisgarh Crimesरायपुर जिले के धरसीवा विकासखंड के नकटी गांव में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान कई परिवारों के मकान तोड़े जाने के विरोध में शनिवार शाम दुर्ग में कांग्रेस ने प्रदर्शन किया। जिला कांग्रेस कमेटी दुर्ग (ग्रामीण) और जिला कांग्रेस कमेटी दुर्ग (शहर) के संयुक्त नेतृत्व में पटेल चौक पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का पुतला दहन किया गया।

इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने प्रभावित परिवारों के उचित पुनर्वास, पर्याप्त मुआवजा और वैकल्पिक आवास की व्यवस्था करने की मांग की। कार्यक्रम में कांग्रेस के पदाधिकारी, कार्यकर्ता, युवा कांग्रेस, महिला कांग्रेस, एनएसयूआई सहित पार्टी के विभिन्न प्रकोष्ठों के बड़ी संख्या में सदस्य मौजूद रहे।

जिला कांग्रेस कमेटी दुर्ग (ग्रामीण) के अध्यक्ष राकेश ठाकुर ने आरोप लगाया कि राज्य सरकार गरीबों के सिर से छत छीनने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि जिन परिवारों के मकान तोड़े गए, वे सालों से वहां रह रहे थे। उन्हें बिजली, पानी, सड़क, राशन और प्रधानमंत्री आवास जैसी सरकारी योजनाओं का लाभ भी मिलता रहा।

उन्होंने सवाल उठाया कि यदि जमीन सरकारी थी, तो प्रशासन इतने सालों तक मौन क्यों रहा। राकेश ठाकुर ने कहा कि बरसात के मौसम में महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों को खुले आसमान के नीचे रहने के लिए छोड़ देना अमानवीय है।

उनका आरोप था कि प्रशासन ने प्रभावित परिवारों की स्थिति को समझने के बजाय सीधे बुलडोजर की कार्रवाई कर दी। कांग्रेस ने मांग की है कि सभी प्रभावित परिवारों का पहले उचित पुनर्वास किया जाए, उन्हें पर्याप्त मुआवजा दिया जाए और रहने के लिए वैकल्पिक आवास की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

धीरज बाकलीवाल बोले- अन्याय के खिलाफ लगातार आंदोलन करेगी कांग्रेस

दुर्ग शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष धीरज बाकलीवाल ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार गरीबों, किसानों और मजदूरों की समस्याओं से लगातार दूर होती जा रही है। उन्होंने कहा कि नकटी गांव की घटना केवल एक गांव तक सीमित नहीं है, बल्कि यह प्रदेश के गरीब परिवारों की सुरक्षा, सम्मान और अधिकारों से जुड़ा मुद्दा है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस अन्याय के खिलाफ लगातार आवाज उठाती रहेगी और जरूरत पड़ने पर आंदोलन भी जारी रहेगा। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि सरकार एक ओर गरीबों के हितों की बात करती है, वहीं दूसरी ओर बिना पुनर्वास और वैकल्पिक व्यवस्था किए लोगों के मकान तोड़ दिए जाते हैं। उनका कहना था कि ऐसी कार्रवाई से आम लोगों का सरकार और प्रशासन पर भरोसा कमजोर होता है।

पूर्व विधायक बोले- पूनर्वास से पहले घर तोड़ना सही नहीं

पूर्व विधायक अरुण वोरा ने कहा कि नकटी गांव में की गई कार्रवाई केवल मकानों पर नहीं, बल्कि गरीब परिवारों के जीवन और सम्मान पर भी चोट है। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रशासनिक कार्रवाई से पहले प्रभावित लोगों के पुनर्वास और रहने की वैकल्पिक व्यवस्था करना सरकार की जिम्मेदारी होती है। बिना पुनर्वास के लोगों को बेघर करना उचित नहीं है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस प्रभावित परिवारों के साथ मजबूती से खड़ी है और उन्हें न्याय दिलाने के लिए हर स्तर पर संघर्ष करेगी। साथ ही सरकार से मांग की कि प्रभावित लोगों को जल्द से जल्द उचित मुआवजा, पुनर्वास और उनके अधिकारों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।

Exit mobile version