
पुलिस को 3 जुलाई को सूचना मिली थी कि तोरवा थाना क्षेत्र के सांईधाम कॉलोनी स्थित किशनचंद बजाज के मकान में मोबाइल फोन और सट्टा पट्टियों के माध्यम से बड़े पैमाने पर अंकों का सट्टा संचालित किया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी।
छापेमारी के दौरान मकान के भीतर चार लोग मोबाइल फोन, प्रिंटर और सट्टा पट्टियों के जरिए हार-जीत का दांव लगवाते हुए मिले। पुलिस ने सभी को मौके से गिरफ्तार कर लिया।
- किशनचंद बजाज (66), निवासी सांईधाम कॉलोनी, थाना तोरवा।
- दिनेश कुमार वाधवानी (39), निवासी फजलवाड़ा, थाना सिटी कोतवाली।
- भैयालाल सोनकर (39), निवासी आरपीएफ कॉलोनी, तोरवा (वर्तमान पता नयापारा झोपड़ापारा, थाना सिरगिट्टी)।
- मनोहर लाल खत्री (63), निवासी गांधी नगर, भोपाल (मध्यप्रदेश)।
भारी मात्रा में सामान जब्त
मुख्य आरोपी किशनचंद बजाज के कब्जे से दो मोबाइल फोन, तीन टैबलेट, एक अतिरिक्त मोबाइल, 50,690 रुपये नकद, 40 सट्टा पट्टियां, एक कैलकुलेटर और तीन पेन बरामद किए गए।
वहीं, दिनेश कुमार वाधवानी से दो मोबाइल फोन, एक कैलकुलेटर, दो पेन और 10 सट्टा पट्टियां मिलीं। भैयालाल सोनकर के पास से एक मोबाइल, एक कैलकुलेटर और दो सट्टा पट्टियां, जबकि मनोहर लाल खत्री के कब्जे से एक मोबाइल और एक सट्टा पट्टी बरामद हुई।
इसके अलावा पुलिस ने मौके से एक प्रिंटर, सट्टा संचालन से जुड़े दस्तावेज, स्कॉर्पियो (CG 04 PW 3311), बाइक (CG 10 KH 7430) और पैशन मोटरसाइकिल (CG 11 CD 0570) भी जब्त की।
मोबाइल के जरिए चल रहा था सट्टा कारोबार
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मुख्य आरोपी किशनचंद बजाज मोबाइल फोन और सट्टा पट्टियों के माध्यम से अंकों पर हार-जीत का दांव लगवाकर अवैध सट्टा संचालित कर रहा था। पुलिस ने मौके से मिले इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और दस्तावेज जब्त कर जांच शुरू कर दी है। अब सट्टा नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका भी खंगाली जा रही है।
पहले भी हो चुकी है कार्रवाई
पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी किशनचंद बजाज के खिलाफ पहले भी कई बार सट्टा संचालन के मामलों में कार्रवाई हो चुकी है। इसके बावजूद वह अवैध कारोबार से बाज नहीं आ रहा था।
इन धाराओं के तहत मामला दर्ज
पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम, 2022 की धारा 6 और 7, भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 112 के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।