कोरबा कलेक्ट्रेट के पास स्थित भारतीय जीवन बीमा निगम (LIC) कार्यालय में सोमवार सुबह सुरक्षाकर्मी का शव फांसी के फंदे से लटका मिला

Chhattisgarh Crimesकोरबा कलेक्ट्रेट के पास स्थित भारतीय जीवन बीमा निगम (LIC) कार्यालय में सोमवार सुबह सुरक्षाकर्मी का शव फांसी के फंदे से लटका मिला। मृतक की पहचान 25 वर्षीय विनोद सोनवानी के रूप में हुई है, जो आराम मशीन क्षेत्र का निवासी था और LIC कार्यालय में नाइट शिफ्ट में सुरक्षा गार्ड के रूप में कार्यरत था। सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

जानकारी के अनुसार, विनोद सोनवानी रविवार को घर से लौटने के बाद रात में अपनी ड्यूटी पर गया था। रात में परिजनों ने उससे कई बार फोन पर संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन उसने कोई जवाब नहीं दिया। इससे परिवार को अनहोनी की आशंका हुई। सोमवार सुबह करीब 5 बजे उसके पिता राजेंद्र सोनवानी बेटे को देखने सीधे LIC कार्यालय पहुंचे।

काफी देर तक आवाज देने और फोन करने के बावजूद अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इसके बाद राजेंद्र सोनवानी ने LIC कार्यालय के अधिकारियों और कर्मचारियों को सूचना दी। कर्मचारियों ने कार्यालय का दरवाजा खोला तो अंदर विनोद सोनवानी का शव फांसी के फंदे से लटका मिला।

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा

घटना की सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना प्रभारी आस्था शर्मा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचीं। पुलिस ने शव को फंदे से नीचे उतारकर पंचनामा कार्रवाई की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले की जांच जारी है।

घटनास्थल से कुछ आपत्तिजनक सामान बरामद

पुलिस ने घटनास्थल से कुछ आपत्तिजनक सामान भी बरामद किया है। इसके अलावा मृतक के कान में हेडफोन लगा हुआ था। आशंका जताई जा रही है कि मौत से पहले उसने किसी से बातचीत की हो सकती है। पुलिस ने हेडफोन को भी जब्त कर जांच के लिए भेज दिया है।

आत्महत्या का कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं

प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि आत्महत्या के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस परिजनों और LIC कार्यालय के कर्मचारियों के बयान दर्ज कर रही है तथा सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

थाना प्रभारी ने क्या कहा?

सिविल लाइन थाना प्रभारी आस्था शर्मा ने बताया कि मृतक के पिता राजेंद्र सोनवानी का बयान दर्ज किया जा रहा है। पिता ने बताया कि विनोद रविवार को घर से वापस ड्यूटी पर गया था। रातभर फोन नहीं उठाने पर उन्हें चिंता हुई, जिसके बाद वे सोमवार सुबह कार्यालय पहुंचे। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।

Exit mobile version