कांकेर जिले के चारामा थाना पुलिस और जिला साइबर सेल की संयुक्त टीम ने चोरी के दो मामलों का खुलासा करते हुए चार आरोपियों और एक नाबालिग को पकड़ा

Chhattisgarh Crimesकांकेर जिले के चारामा थाना पुलिस और जिला साइबर सेल की संयुक्त टीम ने चोरी के दो मामलों का खुलासा करते हुए चार आरोपियों और एक नाबालिग को पकड़ा है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 84 हजार रुपए का चोरी का सामान और नगदी बरामद की है।

पुलिस के अनुसार, थाना चारामा में अपराध क्रमांक 140/2026 और 143/2026 के तहत मामला दर्ज किया गया था। शिकायत में बताया गया कि 30 जून 2026 की रात अज्ञात चोरों ने दुकानों और सूने मकानों के ताले तोड़कर चोरी की थी।

चोर गैस सिलेंडर, ड्रिल मशीन, हेमर मशीन, कटर मशीन, कांसे के गिलास, चांदी की मूर्तियां और नगदी लेकर फरार हो गए थे। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने तुरंत जांच शुरू की।

250 सीसीटीवी फुटेज और 2000 मोबाइल नंबर खंगाले

मामले की गंभीरता को देखते हुए चारामा पुलिस और जिला साइबर सेल की टीम ने तकनीकी जांच शुरू की। जांच के दौरान करीब 250 सीसीटीवी फुटेज देखे गए और 2,000 से ज्यादा मोबाइल नंबरों का विश्लेषण किया गया। मुखबिर की सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस आरोपियों तक पहुंची।

पूछताछ में आरोपियों ने कबूला जुर्म

पुलिस ने संदेह के आधार पर सूरज देवागन उर्फ टोटो और संजू सोनकर को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में दोनों ने अपने साथियों प्रमोद गंगाधर, प्रीतम सिंह और एक विधि से संघर्षरत बालक के साथ मिलकर चारामा की दुकानों और सूने मकानों में चोरी करने की बात स्वीकार कर ली।

चोरी का पैसा आपस में बांटा, कुछ खर्च भी कर दिया

आरोपियों ने पुलिस को बताया कि चोरी के बाद नगदी और सामान का आपस में बंटवारा कर लिया था। चोरी की कुछ रकम उन्होंने अपने शौक पूरे करने में खर्च कर दी थी। पुलिस ने उनके कब्जे से बची हुई नगदी और चोरी का सामान बरामद कर लिया।

कोंडागांव में भी चोरी की बात कबूली

पूछताछ में आरोपियों ने यह भी स्वीकार किया कि घटना वाले दिन उन्होंने कोंडागांव जिले के फरसगांव क्षेत्र में भी चोरी की थी। पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। वहीं, विधि से संघर्षरत बालक के खिलाफ किशोर न्याय अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई।

बरामद सामान

  • 2 गैस सिलेंडर
  • 1 ड्रिल मशीन
  • 1 हेमर मशीन
  • 2 लोहे के रॉड
  • 2 कांसे के गिलास
  • 2 चांदी की मूर्तियां
  • 2 मोबाइल फोन
  • 1 बिना नंबर की स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल
  • 11,200 रुपए नगद

कुल बरामद संपत्ति की कीमत करीब 84 हजार रुपए बताई गई है।

गिरफ्तार आरोपी

  • सूरज देवागन उर्फ टोटो (22), निवासी दरगहन, थाना चारामा, जिला कांकेर।
  • संजू सोनकर (29 वर्ष), निवासी वार्ड क्रमांक 1, चारामा, जिला कांकेर।
  • प्रमोद कुमार गंगाधर उर्फ टकसु (18 वर्ष), निवासी अंतागढ़ मद्रासीपारा, हाल निवासी जगदलपुर।
  • प्रीतम सिंह (21 वर्ष), निवासी भिलाई-चरोदा, हाल निवासी जगदलपुर।
  • एक विधि से संघर्षरत बालक (नाबालिग)।
Exit mobile version