
इसके बाद चाकू की नोक पर दोनों युवकों का कबूलनामा रिकॉर्ड कराया, जिसमें उनसे जबरन यह कहलवाया गया कि वे स्कूटी चोरी कर बेचने आए थे। शिकायत के बाद पुलिस ने सभी नाबालिगों को कस्टडी में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी है। मामला सुपेला थाना क्षेत्र का है।
FIR के मुताबिक, बालोद जिले के डौंडी थाना क्षेत्र की शिक्षक कॉलोनी का रहने वाला एक युवक 2 जुलाई की रात अपने रिश्तेदार दिव्य बांदे के साथ दुर्ग-भिलाई घूमने आया था। दोनों एक बाइक और सफेद एक्टिवा स्कूटी से आए थे।
तड़के करीब 4:30 बजे गदा चौक के पास उनकी स्कूटी खराब हो गई। इसके बाद उन्होंने वहां खड़े दो युवकों से पास में मैकेनिक की दुकान के बारे में पूछा। बात करते-करते उन युवकों ने स्कूटी खरीदने की इच्छा जताई। इस पर पीड़ित ने उसकी कीमत 15 हजार रुपए बताई।
कागजात नहीं दिखाने पर स्कूटी चोरी की बताई
जब युवकों से स्कूटी के कागजात मांगे गए, तो वे उन्हें नहीं दिखा सके। इसके बाद वहां मौजूद दोनों नाबालिगों ने अपने चार अन्य साथियों को बुला लिया। सभी ने स्कूटी को चोरी की बताकर दोनों युवकों को जबरन अपने साथ ले लिया।
वे उन्हें कई जगह घुमाते रहे और सेक्टर-6 स्थित साईं मंदिर के पास ले जाकर मारपीट की। इस दौरान पीड़ितों से तीन चांदी की अंगूठियां, एक चांदी का ब्रेसलेट, बिना नंबर की एक्टिवा स्कूटी, दो मोबाइल और अन्य सामान भी छीन लिया।
मोबाइल लेकर खाते से भी पैसे ट्रांसफर कराए
पीड़ित ने बताया कि आरोपियों ने उसका मोबाइल छीन लिया और पेटीएम का पिन पूछकर खाते से 18,180 रुपए दूसरे क्यूआर कोड पर ट्रांसफर करा लिए। इसके अलावा बैग में रखे 5 हजार रुपए कैश, आधार कार्ड, पैन कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, दो एटीएम कार्ड और इलेक्ट्रिकल काम का सामान भी अपने पास रख लिया।
5 घंटे तक अलग-अलग इलाकों में घुमाया
पीड़ित के मुताबिक, सभी छह नाबालिग उन्हें बाइक पर बैठाकर नगपुरा, कुरूद, ग्रीन चौक और दुर्ग के कई इलाकों में करीब 5 घंटे तक घुमाते रहे। आखिर में पुलगांव चौक के पास चाकू दिखाकर जान से मारने की धमकी दी।
इसके बाद दोनों युवकों से जबरन वीडियो बनवाया गया, जिसमें उनसे यह कहलवाया गया कि वे स्कूटी चोरी कर बेचने आए थे। आरोपियों ने शिकायत करने पर वीडियो वायरल करने और डौंडी पहुंचकर जान से मारने की धमकी भी दी।
बाद में उन्होंने बाइक वापस कर दी, जिसके बाद दोनों युवक किसी तरह डौंडी पहुंचे और रिश्तेदारों को पूरी घटना बताई। मारपीट में दोनों के आंख, पीठ, पसली, कंधे, हाथ और पैरों में चोटें आई हैं।
सुपेला थाना में केस दर्ज
डौंडी थाना (बालोद) से जीरो FIR मिलने के बाद सुपेला थाना पुलिस ने मामला दर्ज किया। जांच में सामने आया कि इस घटना में शामिल सभी छह आरोपी नाबालिग हैं। पुलिस ने सभी को कस्टडी में ले लिया है और किशोर न्याय अधिनियम के तहत आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।