
दरअसल चक्रधर नगर थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि ओडिशा की ओर से रायगढ़ आ रही एक सफेद रंग की कार में सवार युवक देशी कट्टा लेकर आ रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने पहाड़ मंदिर रोड पर वाहनों की जांच शुरू कर दी।
जांच के दौरान संदिग्ध कार कुछ दूरी पर रुक गई। पुलिस ने तत्काल घेराबंदी कर कार में सवार युवकों को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपियों ने अपनी पहचान हरीश यादव (26) निवासी बजरंग रामभांठा और प्रहलाद केवट (24) निवासी उच्चभिट्टी, किरोड़ीमल नगर के रूप में बताई।
तलाशी के दौरान कार में छिपाकर रखा एक देशी कट्टा बरामद हुआ। पुलिस ने हथियार के वैध दस्तावेज मांगे, लेकिन आरोपी कोई दस्तावेज पेश नहीं कर सके।
पुलिस को देखकर फरार हुआ तीसरा आरोपी
पूछताछ में हरीश यादव और प्रहलाद केवट ने बताया कि देशी कट्टा योगेश चौहान उर्फ साहिल, निवासी बंगलापारा रेलवे स्टेशन क्षेत्र, ने बिक्री के लिए खरीदा था। पुलिस की कार्रवाई के दौरान योगेश चौहान मौके से फरार हो गया।
पुलिस ने करीब 10 हजार रुपए कीमत का देशी कट्टा और करीब 4 लाख रुपए कीमत की कार जब्त कर ली है। आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25 तथा बीएनएस की धारा 3(5) के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।