
दरअसल, देवरीखुर्द क्षेत्र निवासी एक व्यापारी ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि, उनकी अलमारी और कूलर निर्माण की फैक्ट्री है। 12 जून की शाम करीब साढ़े 7 बजे वह अपनी पत्नी और बड़े बेटे को आंख के इलाज के लिए घुरू स्थित अमरकंटक अस्पताल लेकर गए थे। इस दौरान घर में उनकी दोनों बेटियां अकेली थीं।
शिकायत में बताया गया है कि, रात करीब साढ़े 8 से 9 बजे के बीच अंश कुमार और ऋषभ भट्टाचार्य नामक दो युवक घर पहुंचे। उन्होंने पहले गेट के बाहर से पानी मांगा। उनकी बेटी ने उन्हें एक गिलास पानी दिया। इसके बाद आरोपियों ने दोबारा पानी मांगा। जब बेटी पानी लेने अंदर गई, तभी अंश कुमार ने गेट को धक्का देकर घर के अंदर घुस गया।
बच्चों को डराकर मांगे पैसे
पीड़ित बच्चियों के मुताबिक घर में घुसने के बाद आरोपी ने उनसे पूछा कि, उनके पास कितने पैसे हैं। बच्चियों ने बताया कि उनके पास ज्यादा पैसे नहीं हैं। इसके बावजूद आरोपी ने जितने भी पैसे हैं, देने के लिए दबाव बनाया। आरोप है कि आरोपियों ने लड़कियों 150 रुपए जबरन ले लिए। इस दौरान दूसरा युवक ऋषभ भट्टाचार्य घर के बाहर खड़ा होकर निगरानी करता रहा।
भाई को बताने पर जान से मारने की धमकी
रिपोर्ट के अनुसार, रुपए लेने के बाद दोनों आरोपियों ने बच्चियों को धमकाया कि यदि उन्होंने अपने भाई को घटना के बारे में बताया तो उन्हें जान से मार देंगे। धमकी देने के बाद दोनों वहां से चले गए। रात में अस्पताल से लौटने पर बच्चियों ने पूरी घटना अपने माता-पिता को बताई। पीड़ित ने मामले की शिकायत की है। तोरवा पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।