दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे (SECR) के बिलासपुर जोन ने मानसून के दौरान रेलवे पुलों की सुरक्षा को और मजबूत बनाने के लिए 12 महत्वपूर्ण रेलवे पुलों पर आधुनिक सेंसर आधारित रियल-टाइम वाटर लेवल मॉनीटरिंग सिस्टम स्थापित किया

Chhattisgarh Crimesदक्षिण पूर्व मध्य रेलवे (SECR) के बिलासपुर जोन ने मानसून के दौरान रेलवे पुलों की सुरक्षा को और मजबूत बनाने के लिए 12 महत्वपूर्ण रेलवे पुलों पर आधुनिक सेंसर आधारित रियल-टाइम वाटर लेवल मॉनीटरिंग सिस्टम स्थापित किया है।

इस प्रणाली के जरिए नदियों का जलस्तर खतरे के निशान तक पहुंचते ही रेलवे के वरिष्ठ अधिकारियों के मोबाइल पर तत्काल अलर्ट संदेश पहुंच जाएगा, जिससे समय रहते आवश्यक सुरक्षा उपाय किए जा सकेंगे।

रेलवे के अनुसार, यह अत्याधुनिक प्रणाली मानसून के दौरान पुलों पर जलस्तर की लगातार और सटीक निगरानी करती है। सेंसर आधारित यह तकनीक सुरक्षित और निर्बाध रेल परिचालन सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

अब तक नदियों के जलस्तर का आकलन पारंपरिक मीटर गेज प्रणाली से किया जाता था। इसमें मैनुअल रीडिंग लेने के कारण सूचना मिलने में देरी और त्रुटि की संभावना बनी रहती थी। अचानक जलस्तर बढ़ने की स्थिति में रेलवे ट्रैक और पुलों की सुरक्षा का समय पर आकलन करना चुनौतीपूर्ण हो जाता था।

सेंसर से होगी लगातार निगरानी

इन चुनौतियों को देखते हुए रेलवे ने सेंसर आधारित आधुनिक वाटर लेवल मॉनीटरिंग सिस्टम लगाया है। यह प्रणाली रेलवे पुलों पर लगे जलस्तर संकेतकों की 24 घंटे निगरानी करती है और ट्रैक मैनेजमेंट सिस्टम से जुड़ी रहती है।

जैसे ही नदी का जलस्तर पूर्व निर्धारित चेतावनी या खतरे के स्तर तक पहुंचता है, अथवा उसमें कोई महत्वपूर्ण बदलाव होता है, सिस्टम स्वतः संबंधित अधिकारियों और इंजीनियरों के मोबाइल फोन पर एसएमएस अलर्ट भेज देता है। इससे समय रहते आवश्यक कार्रवाई कर रेल परिचालन को सुरक्षित बनाए रखा जा सकता है।

इन अधिकारियों को मिलते हैं अलर्ट मैसेज

इस प्रणाली में संबंधित सहायक मंडल अभियंता (ADEN), रेल पथ निरीक्षक (PWI) सहित अन्य अधिकृत अधिकारियों के मोबाइल नंबर पंजीकृत किए गए हैं। जलस्तर में होने वाले प्रत्येक महत्वपूर्ण बदलाव की सूचना तत्काल संबंधित अधिकारियों तक पहुंचती है, जिससे त्वरित निर्णय लेने और आवश्यक सुरक्षा उपाय लागू करने में आसानी होती है।

इन 12 रेलवे पुलों पर हो रही है रियल-टाइम निगरानी

  • झारसुगुड़ा–ईब स्टेशनों के बीच ईब नदी पर रेलवे पुल क्रमांक 184 अप।
  • ईब–ब्रजराजनगर स्टेशनों के बीच रेलवे पुल क्रमांक 182 अप।
  • भूपदेवपुर–राबर्ट्सन स्टेशनों के बीच रेलवे पुल क्रमांक 86 अप।
  • कोरबा–गेवरा रोड स्टेशनों के बीच रेलवे पुल क्रमांक 63 डाउन।
  • नैला–चांपा स्टेशनों के बीच हसदेव नदी पर रेलवे पुल क्रमांक 46 डाउन।
  • जयरामनगर–अकलतरा स्टेशनों के बीच रेलवे पुल क्रमांक 12 मिडिल।
  • दगौरी–निपनिया स्टेशनों के बीच शिवनाथ नदी पर रेलवे पुल क्रमांक 462 मिडिल।
  • रसमड़ा–दुर्ग स्टेशनों के बीच रेलवे पुल क्रमांक 348 डाउन।
  • मुंडीकोटा–तुमसर स्टेशनों के बीच रेलवे पुल क्रमांक 116 अप।
  • कन्हान–कामठी स्टेशनों के बीच रेलवे पुल क्रमांक 34 अप।
  • वडसा–ब्रह्मपुरी स्टेशनों के बीच रेलवे पुल क्रमांक 159।
  • बरगी–ग्वारीघाट स्टेशनों के बीच रेलवे पुल क्रमांक 348 डाउन।
Exit mobile version