भिलाई स्टील प्लांट (बीएसपी) से फ्लू डस्ट की आड़ में लौह स्क्रैप चोरी करने वाले गिरोह में पहली बार भिलाई स्टील प्लांट के दो अधिकारी की संलिप्ता सामने आई

Chhattisgarh Crimesभिलाई स्टील प्लांट (बीएसपी) से फ्लू डस्ट की आड़ में लौह स्क्रैप चोरी करने वाले गिरोह में पहली बार भिलाई स्टील प्लांट के दो अधिकारी की संलिप्ता सामने आई है। पुलिस ने दोनों बीएसपी अधिकारी जीएम और एजीएम को गिरफ्तार कर लिया है। बीएसपी प्लांट में लोहा चोरी के मामले में अब तक 15 आरोपी गिरफ्तार हो चुके हैं, लेकिन पहली बार बीएसपी के अंदर के लोगों की संलिप्ता सामने आई है।

इस मामले में दुर्ग पुलिस लगातार जांच कर कड़ियां जोड़ कर आरोपियों को गिरफ्तार कर रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है। पुलिस ने अब बीएसपी के जीएम हिमांशु भूषण मलिक (54) और एजीएम मनोज कुमार देवांगन (58) को भी गिरफ्तार किया है।

प्लांट के अंदर से कर रहे थे मदद पुलिस की विवेचना में इस बात की पुष्टि हुई है कि बीएसपी के जीएम हिमांशु भूषण मलिक एवं एजीएम मनोज कुमार देवांगन प्लांट के अदंर लोहा चोरी में संलिप्त थे। वे मास्टरमाइंड के संपर्क में थे। इनकी भूमिका की जांच पुलिस कर रही थी। पुलिस की जांच में पता चला कि बीएसपी से निकलने वाले फ्लू डस्ट की ढुलाई के दौरान उसमें लौह स्क्रैप मिलाकर बाहर निकाला जाता था। इसके बाद उसे ए.के. ट्रेडर्स में जमा किया जाता था। पूरे काम को संगठित तरीके से अंजाम दिया जा रहा था।

26 मई को हुआ था इस पूरे मामले का खुलासा 26 मई 2026 को पुरानी भिलाई थाना पुलिस ने ग्राम अकलोरडीह खदानपारा स्थित ए.के. ट्रेडर्स और हथखोज स्थित प्लॉट नंबर-18 में छापा मारा था। यहां जांच के दौरान कई हाईवा, ट्रक और अन्य वाहनों में फ्लू डस्ट के साथ लोहे की प्लेट, बीम और कटिंग सामग्री भरी मिली। मौके पर बड़ी मात्रा में लौह स्क्रैप अलग-अलग जगहों पर रखा हुआ था। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान करीब 250 टन लौह प्लेट, बीम और अन्य स्क्रैप जब्त किया था। इसके अलावा स्क्रैप की ढुलाई और लोडिंग में इस्तेमाल होने वाले कई वाहन, जेसीबी, हाईड्रा और अन्य मशीनें भी जब्त की गई थीं। जब्त सामान और वाहनों की कुल कीमत करीब 3 करोड़ 22 लाख रुपए बताई गई है। इनमें लगभग 90 लाख रुपए का लौह स्क्रैप भी शामिल है।

भिलाई में राजनीति का केंद्र बना लोहा चोरी इधर लोहा चोरी का मामला भिलाई में राजनीति का केंद्र बन चुका है। जहां वैशाली नगर विधायक लगातार इस मुद्दे को उठाकर आरोपियों पर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं, वहीं दूसरी ओर स्थानीय विधायक और सांसद इस मामले पर चुप्पी साधे हुए हैं। वहीं लोहा चोरी के मुख्य सरगना को लेकर भी भिलाई में अलग-अलग दावे किए जा रहे हैं। दूसरी ओर इस मामले में केंद्रीय जांच ऐजेंसी से जांच करवाने की मांग भी उठ रही है।

पुलिस ने जारी की जब्त सामानों की सूची

1. लगभग 250 टन लौह प्लेट, बीम एवं लौह कटिंग सामग्री। 2. हाईवा वाहन क्रमांक CG 04 QT 8797। 3. ट्रक क्रमांक CG 10 R 2004। 4. हाईवा वाहन क्रमांक CG 08 AW 1475। 5. ट्रक क्रमांक CG 07 MB 2455। 6. टाटा 1109 वाहन क्रमांक CG 07 CA 6977। 7. टाटा एस वाहन क्रमांक CG 04 JB 9616। 8. जेसीबी वाहन क्रमांक CG 08 AY 8496। 9. हाईड्रा वाहन क्रमांक CG 07 CW 8063। 10. चेन माउंटिंग मशीन एवं डस्ट छानने हेतु प्रयुक्त 05 लोहे की मशीनें। 11. कुल जप्ती मूल्य लगभग 3 करोड़ 22 लाख रुपये।

Exit mobile version