
यह कार्रवाई एमसीबी जिला मुख्यालय मनेंद्रगढ़ में हुई। राजस्व विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर नगर पालिका की ओर से बनाए जा रहे मंगल भवन को तोड़ा। बताया गया कि इस निर्माण के लिए आवश्यक वैधानिक अनुमति और स्वीकृतियां उपलब्ध नहीं थीं।
दूसरे अवैध निर्माण को हटाने के लिए लाई गई जेसीबी मशीन तकनीकी कारणों से उसे तोड़ने में असमर्थ रही। इसके बाद प्रशासन ने उस भवन को सील करने का फैसला किया, ताकि भविष्य में कोई निर्माण कार्य या उसका उपयोग न हो सके।
अधिकारियों पर गंभीर आरोप
मंगल भवन निर्माण मामले के शिकायतकर्ता रमाशंकर गुप्ता ने आरोप लगाया कि नगर पालिका की ओर से बिना विधिवत अनुमति के नियमों की अनदेखी कर निर्माण कराया जा रहा था। गुप्ता ने जिम्मेदार अधिकारियों और संबंधित लोगों के खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज कराने के लिए आवेदन पेश करने की बात कही।
न्यायालय के आदेश पर हुई कार्रवाई
प्रशासनिक अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यह कार्रवाई न्यायालय के आदेश के अनुसार की गई है। उन्होंने यह भी कहा कि भविष्य में नियमों के विरुद्ध पाए जाने वाले अन्य निर्माणों पर भी सख्त कदम उठाए जाएंगे। फिलहाल, प्रशासन की ओर से अवैध निर्माण को सील करने सहित अन्य कानूनी प्रक्रियाएं पूरी की जा रही हैं।