
पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। मामला पुसौर थाना क्षेत्र का है।
पुलिस के मुताबिक, ग्राम तेतला निवासी कमल प्रसाद जांगड़े (40) किसी काम से रायगढ़ आए थे। काम खत्म होने के बाद रात करीब 10:30 बजे वह स्कूटी से घर लौट रहे थे। इसी दौरान मंगला नर्सिंग कॉलेज के पास NH-53 पर बिना नंबर की बाइक में सवार तीन युवकों ने उनकी स्कूटी को पीछे से टक्कर मार दी।
कमल प्रसाद के सड़क पर गिरते ही आरोपियों ने उनके साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी देते हुए 2,500 रुपए कैश, रियलमी P2 प्रो मोबाइल, चार एटीएम कार्ड, आधार कार्ड, पैन कार्ड और वोटर आईडी लूटकर कोड़ातराई की ओर फरार हो गए।
CCTV और मुखबिर से मिली सफलता
घटना के बाद पीड़ित ने अपने स्तर पर आरोपियों की तलाश की, लेकिन सफलता नहीं मिलने पर पुसौर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर विशेष टीम गठित की और घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर आरोपियों की पहचान की।
दो आरोपी जेल, नाबालिग पर किशोर न्याय अधिनियम के तहत कार्रवाई
पुलिस ने चाणक्य शर्मा उर्फ दिलीप शर्मा (33) निवासी बजरंगडीपा, चंद्रभानू साव (26) निवासी कोड़ातराई और एक 16 वर्षीय नाबालिग को हिरासत में लिया। पूछताछ में तीनों ने वारदात स्वीकार कर ली।
तहसीलदार पुसौर की मौजूदगी में कराई गई शिनाख्त परेड में पीड़ित ने तीनों आरोपियों की पहचान की। इसके बाद दोनों वयस्क आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया, जबकि नाबालिग के खिलाफ किशोर न्याय अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई।
लूट का सामान और वाहन जब्त
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल किया गया वाहन और लूटा गया सामान बरामद कर जब्त कर लिया है।
SSP बोले- लूट करने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि जिले में लूटपाट और सड़क अपराध करने वालों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने बताया कि इस मामले में नाबालिग समेत तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।