कलेक्टर रणबीर शर्मा ने त्योहारों के सीजन में मिठाई आदि खाद्य पदार्थों का गुणवत्ता जांचने के दिए निर्देश

Chhattisgarh Crimesयुमेन्द्र कश्यप/गरियाबंद। जिला कार्यालय के सभाकक्ष में आज कलेक्टर रणबीर शर्मा ने समय-सीमा की बैठक ली। बैठक में उन्होंने विभिन्न विभागों के कार्यों, शासकीय योजनाओं की प्रगति और लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। कलेक्टर ने नियद नेल्लानार योजना के अंतर्गत 31 योजनाओं की स्थिति की समीक्षा कर संबंधित जानकारी पोर्टल पर अपलोड करने के निर्देश दिए। उन्होंने जिला युवा उत्सव के आयोजन की तैयारियां करने, सोलर विलेज के रूप में विकसित ग्राम पंचायतों के प्रशिक्षण की व्यवस्था करने तथा राजस्व प्रकरणों में प्रगति लाने को कहा। राम वन गमन पथ के अंतर्गत आवश्यक सीमांकन, वसुंधरा योजना, आरटीआई कार्यशाला और प्रगति पोर्टल पर दर्ज कार्यों की भी समीक्षा की गई।

कलेक्टर श्री शर्मा ने नालंदा परिसर का निर्माण शीघ्र पूरा कराने तथा शासकीय कार्यों में अनावश्यक विलंब से बचने के निर्देश दिए। उन्होंने देहारगुड़ा में पुल निर्माण कार्य को शीघ्र कराने को कहा। कलेक्टर ने डीएमएफ के अंतर्गत जनहितकारी कार्यों के लिए विभागीय अधिकारियों को प्रस्ताव तैयार कर प्रस्तुत करने को कहा। कलेक्टर ने एचपीवी टीकाकरण अभियान में स्वास्थ्य विभाग के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि 14 से 15 वर्ष की पात्र बालिकाओं में कोई भी टीकाकरण से वंचित नहीं रहनी चाहिए। एचपीवी वैक्सीन ह्यूमन पैपिलोमा वायरस से होने वाले संक्रमण से बचाव में मदद करती है, जो गर्भाशय ग्रीवा के कैंसर का प्रमुख कारण है। यह वैक्सीन विशेष रूप से किशोरावस्था में लगाया जाता है। उन्होंने कहा कि महतारी वंदन योजना जो कि महिला सशक्तिकरण तथा वय वंदन योजना जो कि 70 वर्ष से अधिक आयु के नागरिकों के लिए संचालित योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए चलाई जा रही है। इनका लाभ सभी पात्र हितग्राहियों को मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि शासन द्वारा जनजातीय गौरव दिवस 1 नवंबर से 15 नवंबर तक आयोजित की जाएगी। इसके लिए कार्यक्रमों की आवश्यक तैयारियां करने को कहा।

बैठक में पेंशन प्रकरणों सहित शिक्षा और स्वास्थ्य विभाग के लंबित मामलों का शीघ्र निराकरण करने तथा निर्माण पूर्ण हो चुके भवनों में संबंधित कार्यालयों को स्थानांतरित करने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने दशहरा अवधि में अग्निशमन वाहन की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा।

खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग के अधिकारियों को खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर जांच कराने के निर्देश दिए। ताकि त्योहारों के दौरान लोगों के स्वास्थ्य के साथ किसी प्रकार का खिलवाड़ न हो। कलेक्टर ने कहा कि सेवा संकल्प शिविर के माध्यम से प्राप्त प्रत्येक लंबित आवेदन का नियमानुसार निराकरण करने को कहा। उन्होंने जल संरक्षण पर जोर देते हुए पानी की बर्बादी रोकने तथा उपलब्ध जल संसाधनों का बेहतर उपयोग करने के निर्देश दिए। साथ ही डीएमएफ के अंतर्गत विभागीय आवश्यकताओं के अनुरूप प्रस्ताव प्रस्तुत करने और उद्यानिकी विभाग में उपलब्ध संभावनाओं का लाभ उठाकर विकास कार्यों को आगे बढ़ाने को कहा। इस दौरान जिला पंचायत के सीईओ प्रखर चंद्राकर, अपर कलेक्टर पंकज डाहिरे, श्रीमती ऋषा ठाकुर सहित जिले के सभी अधिकारी उपस्थित थे।

Exit mobile version