
यह कार्रवाई “ऑपरेशन विश्वास” के तहत 17 और 18 जुलाई को की गई। दुर्ग जिले के नंदिनी नगर, उतई, जामगांव (आर), अमलेश्वर, जामुल, पद्मनाभपुर, नेवई, पुलगांव, दुर्ग, धमधा और सुपेला सहित 11 थाना क्षेत्रों में 18 अलग-अलग स्थानों पर एक साथ दबिश दी गई। इस दौरान अवैध शराब के परिवहन और बिक्री में शामिल 21 आरोपियों को पकड़ा गया।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से 590 पौवा अवैध शराब, 60,550 रुपये नकद और अपराध में इस्तेमाल की गई 9 स्कूटी और बाइकें जब्त कीं। जब्त की गई सामग्री का कुल अनुमानित मूल्य लगभग 4.50 लाख रुपए बताया गया है।
दूसरी कार्रवाई में, भिलाई नगर थाना पुलिस ने सेक्टर-6 स्थित अक्षय पात्र के सामने से एक अपचारी बालक को गांजा बेचने की तैयारी करते हुए पकड़ा। उसके पास से 2.210 किलोग्राम गांजा और एक स्कूटी जब्त की गई।
ये आरोपी हुए गिरफ्तार
गिरफ्तार किए गए आरोपियों में प्रमिला बाई (विरेभाठ, नंदिनी नगर), जागेश्वर प्रसाद गायकवाड़ (कोमा रनचिरई, उतई), सतीश कुमार यादव, रूपनारायण वर्मा, राजकुमार ठाकुर, सुमन विश्वकर्मा (सभी पण्डोर, उतई), देवेन्द्र कुर्रे उर्फ गोलू (परसाही, उतई), लीलाधर साहू और बसंत ठाकुर (बावापारा, उतई), कुनाल उर्फ कुन्दन साहू (कुमली, जामगांव आर)।
तिलक सिंगौर (संकरा, अमलेश्वर), तोप सिंह (ढौर, जामुल), तन्नू झा और बब्बर मरकाम (कसारीडीह, पद्मनाभपुर), विजय तेलासी (देवार बस्ती, नेवई), सोमेश चन्द्राकर (चन्दखुरी, पुलगांव), मुकेश चौधरी (बघेरा, दुर्ग), हरीश सारथी (सारथी मोहल्ला, दुर्ग), नोहर निषाद (दानीकोकड़ी, धमधा), ओमकार तिवारी (सिरनाभाठा, धमधा) तथा कन्हैया चौहान (चिंगरीपारा, सुपेला) शामिल हैं।
ज्यादा मुनाफे के लिए चला रहे थे अवैध कारोबार
शुरुआती जांच में सामने आया कि आरोपी ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में अवैध शराब की सप्लाई कर अधिक मुनाफा कमा रहे थे। मुखबिर से मिली सूचना के बाद पुलिस ने योजनाबद्ध तरीके से एक साथ दबिश देकर पूरे नेटवर्क को झटका दिया।
भिलाई में गांजा बेचने की तैयारी, अपचारी बालक पकड़ा गया
इसी बीच भिलाई नगर थाना पुलिस को सूचना मिली कि सेक्टर-6 स्थित अक्षय पात्र के सामने एक स्कूटी सवार युवक गांजा बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहा है। पुलिस ने घेराबंदी कर कार्रवाई की तो एक विधि से संघर्षरत अपचारी बालक को अभिरक्षा में लिया गया। उसके पास से 2.210 किलोग्राम गांजा, एक स्कूटी और गांजा बिक्री से प्राप्त कैश बरामद हुई।
दो लाख रुपए की सामग्री जब्त
पुलिस ने अपचारी बालक के कब्जे से बरामद गांजा की अनुमानित कीमत 1.10 लाख रुपये, स्कूटी की कीमत 80 हजार रुपये तथा नकदी सहित करीब 2,00,240 रुपये की सामग्री जब्त की। जांच में सामने आया कि वह सार्वजनिक स्थान पर ग्राहकों की तलाश कर गांजा बेचने की तैयारी कर रहा था।
नशे के खिलाफ लगातार अभियान
दुर्ग पुलिस का कहना है कि जिले में अवैध शराब और मादक पदार्थों के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा। शराब मामले में गिरफ्तार सभी आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत कार्रवाई कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया है, जबकि गांजा मामले में नाबालिग के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के प्रावधानों के तहत वैधानिक कार्रवाई कर उसे सक्षम न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया।