रायपुर में बढ़ती आपराधिक घटनाओं के बीच पुलिस ने रविवार को बड़ा सर्च और वेरिफिकेशन अभियान चलाया

Chhattisgarh Crimesरायपुर में बढ़ती आपराधिक घटनाओं के बीच पुलिस ने रविवार को बड़ा सर्च और वेरिफिकेशन अभियान चलाया।

तेलीबांधा थाना क्षेत्र स्थित बीएसयूपी कॉलोनी, लाभांडी में पुलिस की सरप्राइज चेकिंग के दौरान 100 से अधिक पुलिस अधिकारी और जवान 200 से ज्यादा मकानों में पहुंचे।

इस दौरान किरायेदारों, बाहरी व्यक्तियों और संदिग्ध गतिविधियों की गहन जांच की गई।

अलग-अलग जोन में चला अभियान

अभियान पुलिस उपायुक्त (मध्य) तारकेश्वर पटेल के निर्देशन और सहायक पुलिस आयुक्त (सिविल लाइन) रमाकांत साहू के नेतृत्व में चलाया गया।

इसमें थाना तेलीबांधा और पुलिस लाइन के जवानों को तैनात किया गया।

पुलिस की टीमों ने अलग-अलग हिस्सों में पहुंचकर घर-घर दस्तक दी और रहने वाले लोगों का सत्यापन किया।

दस्तावेजों की जांच की

कार्रवाई के दौरान किरायेदारों, घरेलू सहायकों और बाहरी व्यक्तियों से जुड़े दस्तावेजों की जांच की गई।

पुलिस ने मकान मालिकों से भी जानकारी ली और रिकॉर्ड का मिलान किया।

जिन स्थानों पर संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिली, वहां विशेष पूछताछ की गई।

अभियान का उद्देश्य क्षेत्र में छिपे संदिग्ध लोगों की पहचान करना और अपराध की संभावनाओं पर अंकुश लगाना रहा।

अब पढ़े अफसरों ने क्या कहा

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि नियमित सत्यापन अभियान से चोरी, लूट, नशे के कारोबार और अन्य आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण रखने में मदद मिलती है।

हाल के दिनों में शहर में हुई वारदातों को देखते हुए ऐसे अभियान और तेज किए जा रहे हैं।

पुलिस की अपील सत्यापन कराए

कमिश्नरेट रायपुर ने लोगों से अपील की है कि वे अपने यहां रहने वाले किरायेदारों, घरेलू सहायकों और अन्य बाहरी व्यक्तियों का पुलिस सत्यापन अनिवार्य रूप से कराएं।

यदि किसी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी मिले तो तत्काल पुलिस कंट्रोल रूम या नजदीकी थाने को सूचना दें।

अफसरों का कहना है, कि इस तरह के सरप्राइज चेकिंग और सत्यापन अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।

Exit mobile version