
दुर्ग जिले के अंडा थाना क्षेत्र के ग्राम अछोटी में बुधवार रात एक मकान में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया और ऊंची-ऊंची लपटें उठने लगीं। घटना की सूचना मिलते ही दुर्ग अग्निशमन विभाग की दो दमकल गाड़ियां मौके के लिए रवाना की गईं। दमकल कर्मियों ने करीब साढ़े चार घंटे तक लगातार राहत और बचाव अभियान चलाकर आग पर काबू पाया। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई।यह घटना बुधवार रात करीब 8 बजे की है। आग रामचरण के मकान में लगी थी। स्थानीय लोगों ने घर से धुआं और आग की तेज लपटें निकलती देख तुरंत अग्निशमन कार्यालय दुर्ग को सूचना दी। सूचना मिलते ही विभाग ने बिना देरी किए दो दमकल टीमों को घटनास्थल के लिए रवाना कर दिया। दमकल कर्मियों के मौके पर पहुंचने तक आग काफी फैल चुकी थी। पूरे घर से तेज लपटें निकल रही थीं।4 घंटे से ज्यादा चला रेस्क्यू आग लगने के बाद आग पर काबू पाने में काफी मशक्कत की गई। करीब 4 घंटे 30 मिनट तक आग बुझाने का प्रयास बाद दमकल टीम ने किया, जिसके बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। अग्निशमन विभाग के मुताबिक फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। आग कैसे लगी, इसकी जांच की जा रही है। हादसे में किसी व्यक्ति के घायल होने या जनहानि की सूचना नहीं है। आग के कारणों का पता लगा रहे जिला सेनानी एवं अग्निशमन अधिकारी दिनेश राउटे ने बताया कि सूचना मिलते ही टीम को तत्काल रवाना किया गया था। कर्मचारियों ने समय रहते मौके पर पहुंचकर आग पर नियंत्रण पा लिया। यदि आग पर समय रहते काबू नहीं पाया जाता, तो आसपास के मकान भी इसकी चपेट में आ सकते थे। टीम की सतर्कता और लगातार प्रयास से बड़ी घटना होने से टल गई। आग किन कारणों से लगी है, इसका पता लगाया जा रहा है।