
मोदी सरकार के 12 साल पूरे होने पर उसकी उपलब्धियां बताने के लिए आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय भी मौजूद रहे।
25 करोड़ लोग गरीबी रेखा से ऊपर आए: गिरिराज
गिरिराज सिंह ने कहा, “25 करोड़ लोगों को मोदी सरकार ने गरीबी रेखा से ऊपर उठाया है। कांग्रेस के दौर में ‘इंदिरा जी को लाएंगे, आधी रोटी खाएंगे, गरीबी को मिटाएंगे’ जैसे नारे लगाए जाते थे, लेकिन गरीबी खत्म नहीं हुई।प्रधानमंत्री मोदी ने गरीबी के खिलाफ लड़ाई लड़ी और लोगों को उससे बाहर निकलने में मदद की। ‘लखपति दीदी’ जैसी योजनाएं गरीबों के जीवन को और बेहतर बनाने के लिए चलाई जा रही हैं।”
यूपीए सरकार में गरीबी समझने कलावती के घर गए थे राहुल
उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के वर्ष 2008 में महाराष्ट्र के यवतमाल जिले में किसान की विधवा कलावती बंडुरकर के घर जाने का जिक्र करते हुए कहा, “यूपीए सरकार के दौरान एक युवराज मीडिया को साथ लेकर कलावती के घर गरीबी समझने गए थे।
नरेंद्र मोदी गरीब परिवार में पैदा हुए और उन्होंने गरीबी को जिया है। युवराज ट्रक चालकों की जिंदगी समझने के लिए ट्रकों पर चढ़ते हैं, जबकि मोदी मजदूरों और कुलियों को चाय पिलाते थे। यही दोनों के बीच का अंतर है।”
22 राज्यों में हमारी सरकारें हैं
गिरिराज सिंह ने कहा कि पंचायतों से लेकर संसद तक बीजेपी ने जीत का शतक लगाया है, जबकि कांग्रेस हार का शतक बना चुकी है।
उन्होंने कहा, “देश के 22 राज्यों में हमारी सरकारें हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने पिछले 12 वर्षों में विकास और विरासत दोनों के लिए काम किया है। जो लोग मोदी को गालियां देते हैं, उन्होंने सिर्फ चुनावी हार ही हासिल की है।”
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी लोगों से सीधे जुड़े हुए हैं और उन्होंने “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास, सबका प्रयास” के सिद्धांत पर काम किया है।