
लोहारा थाना क्षेत्र के बासिनझोरी निवासी तुलेश साहू (27) ने 26 जुलाई 2026 को सुबह करीब 7:30 बजे रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उसने बताया कि उसे फोन पर जानकारी मिली कि उसके पिता महेश साहू का शव लोहारा के बानो रोड स्थित एक दुकान के पास पड़ा है।
शरीर पर कई जगह मिले चोट के निशान
मौके पर पहुंची पुलिस ने देखा कि मृतक महेश साहू के चेहरे, दोनों हाथों की कोहनियों और पैरों के पंजों से खून बह रहा था। उनके सिर के पीछे गंभीर चोट के निशान थे और कमर के नीचे घसीटे जाने के चिन्ह भी दिखाई दिए। केस दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।
खून से सना पत्थर, कपड़े जब्त किए गए
इस मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी निरीक्षक मनीष मिश्रा ने तत्काल फोरेंसिक टीम को बुलाया। घटना स्थल का वैज्ञानिक निरीक्षण कराया गया और अज्ञात आरोपी की तलाश और साक्ष्य संकलन के लिए अलग-अलग पुलिस टीमें गठित की गईं। घटनास्थल से खून से सना पत्थर, कपड़े और अन्य भौतिक साक्ष्य जब्त किए गए।
पत्नी ने खोले हत्या के राज
विवेचना के दौरान मृतक की पत्नी नीता साहू (35) से गहन पूछताछ की गई। पूछताछ में उसने हत्या का राज खोला और अपना जुर्म कबूल कर लिया। नीता साहू ने बताया कि 25 जुलाई 2026 को वह अपने चचेरे भाई ओदराम साहू के साथ स्कूटी से अपने पति के पास ग्राम बासिनझोरी आई थी।
भाई से पकड़वाया, पत्थर से कुचला सिर
रात में पति ने अधिक शराब पी और लगातार विवाद करने लगा, जिसके कारण उनके बीच झगड़ा हुआ। 26 जुलाई की सुबह तीनों लोहारा पहुंचे, जहां मृतक ने फिर शराब पी और दोबारा विवाद करने लगा। इससे तंग आकर नीता साहू ने अपने चचेरे भाई की मदद से पति को पकड़वाया और पास में पड़े पत्थर से उसके सिर पर प्राणघातक वार कर दिया।
न्यायिक रिमांड पर भेजा गया
गंभीर चोट लगने से महेश साहू मौके पर अचेत होकर गिर गया, जिसके बाद दोनों आरोपियों ने शव को घसीटकर सड़क किनारे छोड़ दिया और स्कूटी से ग्राम चिमरा लौट गए। अब पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया है। न्यायालय में पेश कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।