
घटना तोरवा थाना क्षेत्र की है। जानकारी के मुताबिक, सरकंडा के कुर्मी भवन के पास रहने वाला शिव शंकर शर्मा (23) शनिवार को जगमल चौक स्थित होटल इंटरसिटी इंटरनेशनल में ठहरा था। होटल प्रबंधन ने उसे कमरा नंबर 205 दिया था। रात में उसने कमरे में ही खाना मंगवाया था।
रविवार सुबह होटल स्टाफ सफाई के लिए कमरे में पहुंचा, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। दोपहर तक युवक के बाहर नहीं आने पर होटल मैनेजर ने इसकी सूचना तोरवा पुलिस को दी।
पुलिस की मौजूदगी में तोड़ा गया कमरे का दरवाजा
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस की मौजूदगी में होटल कर्मचारियों की मदद से कमरे का दरवाजा तोड़ा गया। अंदर शिव शंकर पंखे से चुन्नी के सहारे फंदे पर लटका मिला। पुलिस ने शव का पंचनामा और पोस्टमार्टम कराया। इसके बाद शव रिश्तेदारों को सौंप दिया गया।
मोबाइल की स्क्रीन पर मिला सुसाइड नोट
पुलिस ने कमरे की जांच के दौरान युवक का मोबाइल बरामद किया। मोबाइल खोलने पर स्क्रीन पर उसकी फोटो के साथ सुसाइड नोट मिला। इसमें लिखा था- “मेरा नाम शिवशंकर शर्मा है। मैं अभी होटल इंटरसिटी इंटरनेशनल के रूम नंबर 205 में हूं। आज मैं अपनी जान दे रहा हूं। इसकी वजह है कि गॉड मुझे बुला रहे हैं, इसलिए मैं जा रहा हूं।”
युवक ने नोट में पुलिस से यह भी अपील की थी कि वह अपनी मर्जी से यह कदम उठा रहा है और उसके परिवार वालों से ज्यादा पूछताछ कर उन्हें परेशान न किया जाए।
मोबाइल गैलरी खाली, चुन्नी को लेकर जांच जारी
पुलिस ने युवक के मोबाइल की जांच की तो गैलरी में कोई फोटो या वीडियो नहीं मिला। पुलिस मोबाइल की जांच कर रही है। टीआई रजनीश सिंह ने बताया कि पहली नजर मामला आत्महत्या का लग रहा है, लेकिन कुछ बिंदुओं पर जांच की जा रही है।
पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि फांसी लगाने के लिए इस्तेमाल की गई चुन्नी युवक अपने साथ लेकर आया था या किसी अन्य माध्यम से कमरे तक पहुंची। इसके अलावा पुलिस प्रेम प्रसंग समेत अन्य संभावित कारणों की भी जांच कर रही है।