छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के लैलूंगा ब्लॉक स्थित शासकीय हाई स्कूल कूपाकानी में सरकारी योजना के तहत छात्राओं को साइकिलें बांटी जानी थीं

Chhattisgarh Crimesछत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के लैलूंगा ब्लॉक स्थित शासकीय हाई स्कूल कूपाकानी में सरकारी योजना के तहत छात्राओं को साइकिलें बांटी जानी थीं। इसके लिए सभी तैयारियां कर ली गई थीं। तभी भाजयुमो के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष रवि भगत वहां पहुंचे और साइकिलों की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए उनका वितरण करने से साफ इनकार कर दिया।

रवि भगत ने कहा कि साइकिल पर ‘हीरो’ लिखा है, जबकि उस पर ‘कावेरी’ का स्टीकर लगा है। उन्होंने बिल और रसीद दिखाने की मांग की, ताकि यह पता चल सके कि आखिर इनकी कीमत क्या है।

विरोध के बाद स्कूल के प्राचार्य ने इसकी सूचना थाने में दी। इसके बाद पुलिस ने रवि भगत को हिरासत में ले लिया। हिरासत का भी रवि ने विरोध किया, जिसके बाद पुलिस ने उन्हें घसीटकर गाड़ी में बिठाया। इसका वीडियो भी सामने आया है।

अब जानिए पूरा मामला

जानकारी के मुताबिक, ग्राम कूपाकानी के शासकीय हाई स्कूल में मंगलवार (28 जुलाई) को 7 छात्राओं को साइकिलें वितरित की जानी थीं। इसके लिए स्थानीय जनप्रतिनिधियों को आमंत्रित किया गया था। इसी दौरान रवि भगत वहां पहुंचे और साइकिलों की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए हंगामा करने लगे।

स्थिति को देखते हुए स्कूल के प्राचार्य ने उन्हें समझाने की कोशिश की कि शासन की योजना के तहत आई साइकिलों का वितरण किया जा रहा है। इसके बावजूद रवि भगत विरोध करते रहे और स्कूल परिसर में ही धरने पर बैठ गए।

प्राचार्य ने उच्चाधिकारियों को दी जानकारी

रवि भगत ने उच्चाधिकारियों को बुलाने की बात कहते हुए गुणवत्ता विहीन साइकिल को वितरण नहीं करने देने की बात कही। जिसके बाद प्राचार्य ने मामले की जानकारी उच्चाधिकारियों को देते हुए थाना में इसकी सूचना दी।

जानकारी मिलते ही पुलिस के जवान मौके पर पहुंचे और रवि भगत को हिरासत में लेकर थाना ले आए। जहां आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Exit mobile version