रायपुर नगर निगम ने आज शहर के अलग-अलग इलाकों में सफाई व्यवस्था और अतिक्रमण के खिलाफ दो कार्रवाई की

Chhattisgarh Crimesरायपुर नगर निगम ने आज शहर के अलग-अलग इलाकों में सफाई व्यवस्था और अतिक्रमण के खिलाफ दो कार्रवाई की। जोन-6 में जलभराव रोकने के लिए नाले पर बने करीब 20 अवैध पाटों को तोड़ा गया, जबकि जोन-10 में गंदगी और ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियमों के उल्लंघन पर एक कबाड़ी दुकान पर 15 हजार रुपए का ई-चालान किया गया।

जोन-6 के वार्ड-60 में भैरव नगर से बोरिया रोड तक नाले पर बने करीब 20 अवैध पाटों को जेसीबी से हटाया गया। नगर निगम के अनुसार, इन पाटों की वजह से नाले की सफाई नहीं हो पा रही थी और बारिश के दौरान जलभराव की समस्या बढ़ रही थी।

कार्रवाई के दौरान नाले को कब्जा मुक्त कर उसकी सफाई कराई गई और करीब 3 डंपर मलबा बाहर निकाला गया। निगम का कहना है कि मानसून के दौरान जल निकासी सुचारु रखने के लिए ऐसे अवैध पाटों और अतिक्रमणों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा।

दूसरी कार्रवाई जोन-10 के अमलीडीह क्षेत्र में की गई। मेडिशाइन हॉस्पिटल के पास स्थित ओम ट्रेडर्स कबाड़ी दुकान की स्वच्छता संबंधी शिकायत मिलने पर नगर निगम की टीम ने औचक निरीक्षण किया।

निरीक्षण में दुकान परिसर में गंदगी और ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियमों के उल्लंघन की पुष्टि होने पर संचालक पर 15 हजार रुपए का ई-चालान किया गया। साथ ही भविष्य में नियमों का पालन करने की चेतावनी भी दी गई।

नगर निगम अधिकारियों ने कहा कि शहर में स्वच्छता संबंधी शिकायतों और जलभराव की समस्या को लेकर लगातार अभियान चलाया जा रहा है। जहां भी नियमों का उल्लंघन या सफाई व्यवस्था में लापरवाही मिलेगी, वहां इसी तरह कार्रवाई की जाएगी।

Exit mobile version