नेशनल हाईवे पर जानलेवा गड्ढे, कब सुधरेगी दशा?

Chhattisgarh Crimes50 किमी का सिंगल लेन मार्ग बना हादसों का कारण, कोदोमाली और इंदागांव के पास सड़क के बीच गहरे गड्ढे

युमेन्द्र कश्यप/मैनपुर। नेशनल हाईवे-130 सी के झरियाबाहरा से मदांगमुड़ा तक करीब 50 किलोमीटर लंबा सिंगल लेन मार्ग इन दिनों अपनी बदहाली को लेकर चर्चा में है। संकरी सड़क और जगह-जगह बने गड्ढों के कारण इस मार्ग पर सफर करना जोखिम भरा हो गया है। आए दिन सड़क दुर्घटनाओं की खबरें सामने आती रहती हैं, इसके बावजूद सड़क चौड़ीकरण और सुधार की दिशा में ठोस पहल नजर नहीं आ रही है।

सड़क के बीचों-बीच बने जानलेवा गड्ढे

इस नेशनल हाईवे पर कई स्थानों पर बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं। विशेषकर कोदोमाली और इंदागांव के समीप सड़क के बीचों-बीच दो से तीन फीट तक गहरे गड्ढे होने से वाहन चालकों को भारी परेशानी हो रही है। तेज रफ्तार या सामने से दूसरे वाहन के आने पर इन गड्ढों से बचना मुश्किल हो जाता है। दोपहिया वाहन चालकों के लिए यह स्थिति और भी खतरनाक बनी हुई है।

बताया जा रहा है कि इन गड्ढों में गिरकर कई दोपहिया वाहन चालक घायल भी हो चुके हैं। इसके बावजूद अब तक इन स्थानों पर समुचित मरम्मत नहीं हो पाई है। ऐसे में रात के अंधेरे में इन गड्ढों का अंदाजा लगाना और भी मुश्किल हो जाता है, जिससे गंभीर दुर्घटना की आशंका बनी हुई है।

चौड़ीकरण और मरम्मत की उठ रही मांग

लगातार दुर्घटनाओं और सड़क की बदहाल स्थिति को देखते हुए इस मार्ग से गुजरने वाले राहगीरों एवं क्षेत्रवासियों में नाराजगी है। लोगों का कहना है कि 50 किलोमीटर लंबे इस सिंगल लेन मार्ग पर यातायात का दबाव और सड़क की खराब स्थिति दोनों ही दुर्घटनाओं को न्योता दे रहे हैं।

क्षेत्रवासियों ने संबंधित विभाग एवं प्रशासन से मांग की है कि कोदोमाली, इंदागांव सहित अन्य प्रभावित स्थानों पर तत्काल गड्ढों की मरम्मत कराई जाए। साथ ही झरियाबाहरा से मदांगमुड़ा तक पूरे मार्ग का निरीक्षण कर सड़क की स्थायी मरम्मत और चौड़ीकरण की दिशा में आवश्यक कदम उठाए जाएं, ताकि आए दिन होने वाली दुर्घटनाओं पर अंकुश लग सके और लोगों का सफर सुरक्षित हो सके।

Exit mobile version