पुलिस अधीक्षक गरियाबंद ने ली डायल 112 के अधिकारियों-कर्मचारियों की समीक्षा बैठक,त्वरित रिस्पांस और संवेदनशीलता के दिए कड़े निर्देश

Chhattisgarh Crimes

पूरन मेश्राम/गरियाबंद। कानून व्यवस्था को मजबूत बनाने और आपातकालीन सेवाओं को और अधिक प्रभावी करने के उद्देश्य से आज 13 जून शनिवार को गरियाबंद पुलिस अधीक्षक वेदव्रत सिरमौर (IPS) द्वारा डायल 112 में तैनात सभी अधिकारी और कर्मचारियों की एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक ली गई। बैठक में पुलिस अधीक्षक ने डायल 112 की कार्यप्रणाली, रिस्पांस टाइम (घटना स्थल पर पहुँचने का समय) और आम जनता से मिलने वाली शिकायतों पर तत्काल की गई कार्रवाई की विस्तृत समीक्षा की।समीक्षा के दौरान पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि डायल 112 पुलिस की आपातकालीन सेवा का चेहरा है, इसलिए इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बैठक में एसपी द्वारा निम्नलिखित मुख्य निर्देश दिए गए।

*रिस्पांस टाइम में सुधार* : सूचना मिलते ही वाहन बिना किसी देरी के न्यूनतम समय में घटना स्थल पर पहुंचे।

*संवेदनशील व्यवहार* : पीड़ित या शिकायतकर्ता से अत्यंत विनम्रता और संवेदनशीलता के साथ बात की जाए।

*पॉइंट्स पर मुस्तैदी* : सभी चिन्हित संवेदनशील स्थानों और डार्क स्पॉट्स पर डायल 112 की गाड़ियां हमेशा अलर्ट मोड पर रहें।

*तैयार रहें उपकरण* : वाहनों में मौजूद सभी तकनीकी उपकरण जैसे वायरलेस सेट, जीपीएस और फर्स्ट एड किट हमेशा चालू हालत में होने चाहिए।

*वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना* : किसी भी बड़ी या गंभीर घटना की सूचना तुरंत संबंधित थाने और उच्च अधिकारियों को दी जाए।पुलिस अधीक्षक ने कहा कि डायल 112 का मुख्य उद्देश्य संकट में फंसे नागरिक को तत्काल राहत पहुंँचाना है। उन्होंने बेहतर काम करने वाले कर्मचारियों की सराहना की, वहीं कार्य में ढिलाई बरतने वालों को सख्त लहजे में सुधार करने की चेतावनी भी दी।इस बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, उप-पुलिस अधीक्षक (यातायात/डायल 112) सहित जिले के डायल 112 शाखा के सभी प्रभारी और मैदानी कर्मचारी उपस्थित रहे।

Exit mobile version