छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में बहन ने फोन चलाने से मना किया, तो भाई ने कुल्हाड़ी से उसका गला काट दिया। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। बड़ी बहन रक्षाबंधन का त्योहार मनाने के लिए ससुराल से मायके आई थी। घटना लखनपुर थाना के कुन्नी चौकी क्षेत्र की है।
जानकारी के मुताबिक, 5 अगस्त को ग्राम लिपिंगी निवासी मुनेश्वरी मझवार (25) अपने दो बच्चों के साथ अपने मायके गई थी। मंगलवार की रात उसने अपने बड़े भाई जयप्रकाश मझवार को काफी देर तक मोबाइल चलाते हुए देखा तो उसे मोबाइल चलाने से मना किया। उसका मोबाइल छीनकर अपने पास रख लिया। इसे लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया।
रात में सोते समय काटा गला
मुनेश्वरी खाना खाने के बाद अपने दो छोटे बच्चों के साथ जमीन पर सो गई थी। आधी रात को जयप्रकाश मझवार उठा और उसने कुल्हाड़ी से बहन मुनेश्वरी का गला काट दिया। मुनेश्वरी की मौके पर मौत हो गई। मुनेश्वरी की चीख सुनकर घरवालों की नींद खुल गई। जब तक वे मुनेश्वरी के पास पहुंचे, उसकी मौत हो चुकी थी।
बहन की हत्या के बाद जयप्रकाश घर से भाग निकला। मां के साथ सोए दोनों बच्चों पर भी खून फैल गया। परिजनों ने उन्हें अलग किया। परिजनों के अनुसार, रक्षाबंधन का त्योहार नजदीक होने के कारण मुनेश्वरी दोनों बच्चों के साथ मायके आ गई थी। वो रक्षाबंधन तक मायके में ही रुकने वाली थी।
पीएम के बाद परिजनों को दिया गया शव
वारदात के बाद बुधवार सुबह घटना की सूचना पर लखनपुर थाना प्रभारी शशिकांत सिन्हा पुलिस टीम सहित मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया है। मामले में कुन्नी चौकी में धारा 103(1) के तहत अपराध दर्ज किया।
पुलिस ने आरोपी को भेजा जेल
कुन्नी चौकी प्रभारी डेविड मिंज ने बताया कि, पुलिस ने आरोपी भाई जयप्रकाश मझवार (31) को गिरफ्तार कर लिया है। हत्या में इस्तेमाल कुल्हाड़ी भी जब्त कर ली गई है। पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।