रायपुर जिले के स्वामी आत्मानंद स्कूलों में दो साल पहले 27 सितंबर 2023 को संविदा नियुक्तियों के लिए आवेदन मांगे गए थे। यह भर्ती 71 पदों के लिए होनी थी, लेकिन बाद में भर्ती प्रक्रिया को रोक दिया गया था। पिछले दिनों सीएम विष्णुदेव साय ने इस भर्ती प्रक्रिया को फिर से शुरू करने की बात कही थी।
इसके बाद भर्ती प्रक्रिया फिर से शुरू कर दी गई है। लेकिन इस बार 71 के बजाय 73 पदों पर भर्ती की जाएगी। मामला कुछ ऐसा है कि प्रशासन ने पांच पद बढ़ाएं और तीन खत्म कर दिए हैं। इसके अलावा अब यह भर्ती 27 की बजाय 26 स्कूलों में की जाएगी।
दस्तावेज सत्यापन 11 अगस्त से 12 अगस्त तक स्वामी आत्मानंद शहीद स्मारक शासकीय अंग्रेजी माध्यम उत्कृष्ट विद्यालय मौदहापारा में किए जाएंगे। बतादें कि रायपुर जिले में कुल 36 आत्मानंद स्कूल हैं।
भौतिकी के 5 पद बढ़े
कुल 71 पदों में व्याख्याता भौतिकी के 5 नए पद जोड़े गए हैं। वहीं, सरोना के अंग्रेजी माध्यम स्कूल में व्याख्याता गणित और सेजेस शाला लालपुर व अभनपुर की अंग्रेजी शिक्षक की 3 पदों को हटा दिया गया है। ऐसे में अब 27 स्कूल की जगह 26 शालाओं में 73 पदों पर भर्ती प्रक्रिया की जा रही है।
ये दो दिन नोट करके रख लेंगे
11 अगस्त को व्याख्याता भौतिकी, शिक्षक अंग्रेजी, शिक्षक गणित, प्रधान पाठक, शिक्षक सामाजिक विज्ञान, व्यायाम शिक्षकों के लिए साक्षात्कार (दस्तावेज) सत्यापन किया जाएगा। वहीं, 12 अगस्त को सहायक शिक्षक, सहायक शि. वि. प्रयोगशाला के लिए साक्षात्कार होंगे।