रायपुर में 19 साल बाद एक हत्यारा गिरफ्तार हुआ

Chhattisgarh Crimesरायपुर में 19 साल बाद एक हत्यारा गिरफ्तार हुआ है। आरोपी ने साल 2006 में पुरानी रंजिश में अपने दोस्तों के साथ मिलकर एक बुजुर्ग की हत्या की थी। इस मामले में 25 लोग पहले गिरफ्तार हो चुके हैं। लेकिन एक आरोपी फरार था। जब वह वापस अपने गांव लौटा तो पुलिस ने दबोच लिया।

मामला खरोरा थाना क्षेत्र का है। बता दें कि वारदात के 25 आरोपी पहले ही पकड़े गए है। कोर्ट ने उन्हें 7 साल से लेकर उम्रकैद तक सजा सुनाई है।

घर घुसकर सिब्बल से मारा था

थाना प्रभारी केके कुशवाहा ने बताया कि 2 जून साल 2006 में ग्राम ढोक भट्टी के रहने वाले तुलसी राम (70 साल) की हत्या हुई थी। करीब 26 लोगों ने मिलकर पुरानी रंजिश में वारदात की थी।

आरोपियों ने सब्बल और कुल्हाड़ी से तुलसी राम को घर में घुसकर मार डाला था। वारदात के बाद आरोपी फरार हो गए थे। इस हत्याकांड के बाद आसपास के इलाकों में तनाव फैल गया।

हत्याकांड के 25 आरोपी हो चुके हैं गिरफ्तार

इस हत्या के बाद पुलिस ने कई दिनों तक रेड कार्रवाई की। दर्जनों लोगों से पूछताछ की गई। इसके बाद मर्डर की वारदात करने वाले 25 आरोपियों को पुलिस ने अलग-अलग जगहों से गिरफ्तार किया था। लेकिन मामले का एक आरोपी रवेल आडिल गांव छोड़कर फरार था।

19 साल बाद वापस लौटते ही गिरफ्तार

रवेल आडिल की पुलिस ने कई सालों तक खोजबीन की। साल बीतने के बाद मामला ठंडा बस्ते में चला गया। खरोरा पुलिस ने आरोपी को स्थायी वारंटी की सूची में डाल दिया। लंबे समय तक फरारी काटने के बाद आरोपी 8 अगस्त 2025 को अपने गांव काकाडीह आरंग वापस पहुंचा।

इस बात की पुलिस को मुखबिर से खबर मिल गई। पुलिस ने गांव में जाकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। कोर्ट के आदेश से आरोपी को जेल भेज दिया गया है।