रायपुर में स्कूटी की सीट में बैठने को लेकर लड़कों के बीच आपस में विवाद हो गया। विवाद के बाद 4 लड़कों ने मिलकर एक युवक को पीट-पीटकर मार डाला। मृतक और आरोपी सभी एक ही स्टील कंपनी के ही कर्मचारी थे। मामला उरला थाना क्षेत्र का है।
घटना 5 अगस्त की है। मारपीट में घायल युवक का इलाज चल रहा था, जिसने 8 अगस्त को इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। फिलहाल पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना ने प्रदर्शन कर परिजनों को उचित मुआवजे की मांग की है।
सीट से उतरने बोलने पर मार डाला
थाना प्रभारी रोहित मानेकर ने बताया कि, बाजार चौक का रहने वाला राहुल विश्वकर्मा (27 साल) उरला के सरोरा में नव दुर्गा इस्पात कंपनी में मजदूरी करता है। उसी कंपनी में न्यू राजेंद्र नगर का रहने धीरज साहू (24 साल) भी मजदूरी करता है।
5 अगस्त की रात सवा 10 बजे दोनों ऑफिस से बाहर आये। तो धीरज की बाइक में एक अज्ञात युवक बैठा था। जिसे नीचे उतरने के बोला तो युवक उसे मां बहन की अश्लील गाली गलौज देने लगा। बात बढ़ी तो आरोपी ने 2-3 दोस्तों को बुला लिया।
फिर उन्होंने मिलकर धीरज साहू को हाथ-मुक्का, पाइप से मारपीट की। इस घटना में धीरज साहू के दोनों हाथ, पैर और अन्य जगह चोटें आई। घायल धीरज साहू को एनकेडी अस्पताल बीरगांव में भर्ती कराया गया। जहां से मेकाहारा ले जाया गया।
CCTV फुटेज किया गया चेक
इस मामले में पुलिस ने पहले जानलेवा हमले के तहत एफआईआर दर्ज किया। हालांकि 8 अगस्त को मेकाहारा अस्पताल में धीरज साहू की मौत हो गई। मृतक की बॉडी परिजनों को सौंप दी गई है। इस मामले में पुलिस ने घटनास्थल के आस पास का CCTV फुटेज की छानबीन की।
फिर अन्य तकनीकी सबूतों के आधार पर आरोपी संजय महतो संतोष महतो, पप्पू कुमार, राजीव कुमार से पूछताछ की। जिसमें आरोपियों ने अपना जुर्म स्वीकार किया। इस मामले में पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया है।