छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के एक गांव में सड़क नहीं होने की वजह से एक पति ने अपनी बीमार पत्नी को गोद में उठाकर लगभग 500 मीटर की दूरी तय की। पड़ोसी ग्रामीण की मदद से उसने कीचड़ से भरी सड़क को पार किया। बाद में जब साफ रास्ता मिला, तो ऑटो से महिला को अस्पताल पहुंचाया गया। यह मामला कापू थाना क्षेत्र का है।
घटना विजयनगर ग्राम पंचायत के कंडरजा मोहल्ला की है। इस मोहल्ले की हालत काफी खराब है। कंडरजा से पंडरापाठ और बिलाईढोड़ी की ओर जाने वाली सड़क कई सालों से नहीं बनी है। बारिश के बाद यहां की सड़कें पूरी तरह से घुटनों तक कीचड़ में डूबी है। इस वजह से कोई भी वाहन इस रास्ते पर नहीं चलती है।
इसी बीच शुक्रवार को कंडरजा निवासी 55 वर्षीय तुलसी बाई राठिया की तबीयत अचानक बिगड़ गई। उन्हें तेज बुखार और कंपकंपी हो रही थी। जब हालत बिगड़ने लगी, तो उनके पति लक्ष्मण राठिया ने उन्हें अस्पताल ले जाने का फैसला किया। लेकिन रास्ता इतना खराब था कि न तो कोई एम्बुलेंस और न ही कोई गाड़ी उसके घर तक नहीं पहुंच सकती थी।
इसलिए लक्ष्मण ने अपने पड़ोसी दुलेश्वर की मदद से पत्नी को गोद में उठाया और पैदल ही कीचड़ भरे रास्ते पर चल पड़ा। लगभग 500 मीटर चलने के बाद जब साफ रास्ता मिला, तो वहां ऑटो की मदद से तुलसी बाई को अस्पताल ले जाया गया।
500 मीटर तक कीचड़ भरे रास्ते से होकर गुजरना पड़ा
घर से निकलते ही लक्ष्मण पत्नी को गोद में लेकर लगभग 500 मीटर तक कीचड़ भरे रास्ते से होकर गुजरना पड़ा। इसके बाद एक ऑटो की मदद से महिला को अस्पताल ले जाया गया।
बतादें कि कंडरजा गांव से कापू अस्पताल सिर्फ 5 किलोमीटर दूर है। लेकिन सड़क खराब होने के कारण उन्हें घूमकर दूसरे रास्ते से होकर करीब 15 किलोमीटर की दूरी तय कर वे अस्पताल पहुंचे। इसके बाद महिला को अस्पताल में भर्ती किय गया, जहां उसका इलाज जारी है।
कई बार की सड़क की मांग, फिर भी नहीं मिली सुविधा
गांव के रवेंद्र सिंह ने बताया कि सड़क की खराब हालत के कारण एम्बुलेंस और दूसरी चार पहिया गाड़ियां कंडरजा मोहल्ले तक नहीं पहुंच पाती है। रास्ते में कीचड़ है और आज तक यहां पक्की सड़क नहीं बनी।
हर साल बरसात के दिनों में लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने कहा कि सड़क बनवाने के लिए कई बार मांग की जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई काम शुरू नहीं हुआ।
इस इलाके में पक्की सड़क बहुत जरूरी है: सरपंच
विजयनगर ग्राम पंचायत के सरपंच विष्णुप्रसाद राठिया ने बताया कि कंडरजा से पंडरापाठ, कंडरजा से बिलाईढोड़ी और पाटनपारा से पंडित बगीचा तक की सभी सड़कों का यही हाल है। इन रास्तों से रोज गुजरने वाले गांव के लोगों को भारी परेशानी होती है।
उन्होंने बताया कि ग्राम सभा में इन सड़कों को बनाने का प्रस्ताव रखा गया है, और पक्की सड़क बनवाने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। सरपंच ने कहा कि इन इलाकों में पक्की सड़क बनना बेहद जरूरी है, ताकि गांव के लोग सुरक्षित और आसानी से आ-जा सकें।