बिलासपुर में ‘स्वच्छता संगम-2025’ का आयोजन, CM साय होंगे शामिल

Chhattisgarh Crimesछत्तीसगढ़ के बिलासपुर में मंगलवार को ‘स्वच्छता संगम-2025’ का आयोजन किया गया है, जिसमें मुख्यमंत्री विष्णु देव साय स्वच्छता दीदियों का पद-प्रक्षालन कर उन्हें सम्मानित करेंगे।

समारोह में प्रदेश के सभी नगर निगम के मेयर और नगर पालिका के अध्यक्ष सहित जनप्रतिनिधि शामिल होंगे। इस दौरान सीएम साय जिले के 260 करोड़ रुपए से अधिक की लागत वाले विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन करेंगे।

कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री अरुण साव और केन्द्रीय आवास मंत्री तोखन साहू सहित कई विधायक शामिल होंगे। इनमें धरमलाल कौशिक, अमर अग्रवाल, धर्मजीत सिंह, दिलीप लहरिया, सुशांत शुक्ला और अटल श्रीवास्तव शामिल हैं।

नगर निगम और नगर पालिका के पदाधिकारी होंगे शामिल

स्वच्छता संगम में राज्य के सभी नगर निगमों के मेयर, सभापति के साथ ही नगर पालिका और नगर पंचायत के अध्यक्ष सहित पदाधिकारी भी शामिल लेंगे। इस आयोजन में करीब 9 हजार स्वच्छता दीदियों को आमंत्रित किया गया है।

स्वच्छता दीदियों का सीएम करेंगे सम्मान

नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के सचिव डॉ. बसवराजु एस. ने बताया कि ‘स्वच्छता संगम’ में शहरों को स्वच्छ और सुंदर बनाने में महत्वपूर्ण योगदान देने वाली स्वच्छता दीदियों का पद-प्रक्षालन कर सम्मानित किया जाएगा।

स्वच्छ सर्वेक्षण में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 7 नगरीय निकायों को पहले ही राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने सम्मानित किया है। कार्यक्रम में इन नगरीय निकायों के साथ ही संभाग स्तर पर श्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले 30 से अधिक नगरीय निकायों को भी सम्मानित किया जाएगा।

प्रदेश के 46 शहरों में संपत्ति कर के लिए पोर्टल का करेंगे लोकार्पण

कार्यक्रम में 3 नगर निगम बिरगांव, भिलाई-चरोदा और धमतरी के साथ ही 43 नगर पालिकाओं में ऑनलाइन संपत्ति कर जमा करने की सुविधा के लिए जीआईएस आधारित प्रॉपर्टी टैक्स लाइव पोर्टल का लोकार्पण किया जाएगा।

इस प्रकार एक साथ 46 शहरों में ऑनलाइन संपत्ति कर जमा करने की सुविधा प्रारंभ होना, स्थानीय स्वशासन को आधुनिक बनाने और नागरिकों को घर बैठे सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इससे कर संग्रहण की गति में भी वृद्धि होगी।

260 करोड़ से अधिक विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय इस कार्यक्रम में 260 करोड़ रुपए से अधिक के विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन करेंगे। इसके अंतर्गत वे बिलासपुर जिले में विभिन्न विभागों के 63 करोड़ 57 लाख रुपए से अधिक की लागत के 24 निर्माण एवं विकास कार्यों का लोकार्पण और197 करोड़ रुपए से अधिक की लागत के 25 कार्यों का भूमिपूजन करेंगे।

कार्यक्रम में वे अलग-अलग योजनाओं के हितग्राहियों को सामग्री एवं चेक का वितरण भी करेंगे।

हेलीपेड व कार्यक्रम स्थल नो फ्लाइंग जोन घोषित

मुख्यमंत्री साय की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए कोनी स्थित पंडित सुंदरलाल शर्मा मुक्त विश्वविद्यालय परिसर को 12 अगस्त के लिए नो ड्रोन फ्लाइंग जोन घोषित किया गया है।

मुख्यमंत्री साय बिलासपुर में आयोजित स्वच्छता संगम कार्यक्रम में शामिल होंगे। रायपुर से वे पंडित सुंदरलाल शर्मा विश्वविद्यालय स्थित हेलीपेड में उतरेंगे। उनकी सुरक्षा को देखते हुए अतिरिक्त जिला दण्डाधिकारी ने इसके लिए आदेश जारी किया है।

Exit mobile version