मुंगेली जिले में 90 प्लस परीक्षा परिणाम अभियान के तहत कलेक्टर कुंदन कुमार और SP भोजराम पटेल ने शासकीय हाई स्कूल फरहदा का अचानक निरीक्षण किया। इस दौरान 4 टीचर अनुपस्थित मिले। इनमें नंद किशोर साहू, राजेन्द्र कश्यप, उर्वशी साहू और अर्चना मसीह शामिल हैं।
स्कूल परिसर में गंदगी और अव्यवस्था देखकर कलेक्टर ने कड़ी कार्रवाई की। उन्होंने अनुपस्थित शिक्षकों का एक दिन का वेतन काटने के आदेश दिए।
प्राचार्य नंद किशोर साहू को तत्काल हटाने के निर्देश दिए गए। बीईओ जितेन्द्र बावरे और विकासखंड स्रोत समन्वयक सूर्यकांत उपाध्याय को नोटिस जारी करने के आदेश दिए गए।
स्कूलों की बेहतर मॉनिटरिंग के निर्देश
कलेक्टर ने जिला शिक्षा अधिकारी सी.के.घृतलहरे और डीएमसी को स्कूलों की बेहतर मॉनिटरिंग के निर्देश दिए। उन्होंने छात्रों से संवाद किया और उन्हें मन लगाकर पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया। पुलिस अधीक्षक पटेल ने अनुशासन और स्वच्छ वातावरण पर जोर दिया।
जिला पंचायत सीईओ ने स्पष्ट किया कि शिक्षण व्यवस्था में लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।